Sunday, Sep 27

होम = क्राइम = बगीचे में दिखा महिला का हाथ, मिट्टी खोदी तो निकली लाश; लिव-इन पार्टनर फरार

बगीचे में दिखा महिला का हाथ, मिट्टी खोदी तो निकली लाश; लिव-इन पार्टनर फरार

Bindayaka Murder: राजस्थान के बिंदायका इलाके की प्रेस्टीज कॉलोनी में 32 वर्षीय महिला की कथित हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला का शव किराए के मकान के बगीचे में दफन मिला। पुलिस के मुताबिक, महिला की हत्या उसके लिव-इन पार्टनर प्रवेश ने कथित तौर पर की और शव को बगीचे में दफनाने के बाद घर पर ताला लगाकर फरार हो गया।

मकान मालिक को हुआ शक

रविवार सुबह मकान मालिक अपनी प्रॉपर्टी का मुआयना करने पहुंचा। घर पर ताला लगा देखकर उसने पड़ोसियों से प्रवेश के बारे में पूछताछ की। इसके बाद जब वह बगीचे की ओर गया तो उसे वहां ताजी खोदी हुई मिट्टी दिखाई दी। शक होने पर पास जाकर देखने पर मिट्टी से महिला का एक हाथ बाहर निकला हुआ नजर आया। मकान मालिक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

FSL टीम ने बाहर निकाला शव

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। FSL टीम की मदद से बगीचे में दफन महिला के शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

दो महीने पहले किराए पर लिया था घर

बिंदायका SHO के मुताबिक, प्रवेश नाम के 22 वर्षीय व्यक्ति ने करीब दो महीने पहले यह मकान किराए पर लिया था। उसने किरण नाम की महिला को अपनी पत्नी बताया था। दोनों उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि प्रवेश ने 2-3 दिन पहले महिला की हत्या की थी।

रात में शव दफन कर हुआ फरार

पुलिस के मुताबिक, प्रवेश ने रात के समय बगीचे में गड्ढा खोदकर महिला के शव को दफना दिया। इसके बाद घर पर ताला लगाकर वहां से फरार हो गया। प्रवेश बिंदायका की एक फैक्ट्री में काम करता था। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश कर रही है और इसके लिए कई टीमें बनाई गई हैं।

हत्या की वजह की जांच जारी

पुलिस उत्तर प्रदेश में मृतक महिला के परिवार से भी संपर्क करने की कोशिश कर रही है। फिलहाल हत्या की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और फरार प्रवेश की तलाश जारी है।

ये भी पड़े: पाकिस्तान में डबल अटैक से दहशत, आत्मघाती विस्फोट के बाद रेस्क्यू टीम पर हमला, 13 की मौत


Tags :