Bombay High Court Diya Mirza video: दिवाली पर पटाखे फोड़ने की अपील को लेकर मुंबई में सियासी विवाद खड़ा हो गया है। अभिनेत्री दीया मिर्जा का बीएमसी के साथ बनाया गया जागरूकता वीडियो हटाए जाने के बाद मामला बॉम्बे हाईकोर्ट पहुंचा। इस पर अदालत ने भाजपा नेताओं को फटकार लगाई है। विवाद की शुरुआत मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम की सोशल मीडिया पोस्ट के बाद हुई थी।
दीया मिर्जा का वीडियो दोबारा जारी करने का निर्देश
मंगलवार (3 नवंबर) को बॉम्बे हाईकोर्ट ने बीएमसी को दीया मिर्जा का वीडियो दोबारा सोशल मीडिया पर जारी करने का आदेश दिया। जस्टिस गिरीश कुलकर्णी और जस्टिस डॉ. नीला गोखले की पीठ ने इस मामले में राजनीतिक नेताओं की टिप्पणियों पर नाराजगी जताई। अदालत ने कहा कि वह राजनेताओं की गैरजरूरी टिप्पणियों से परेशान है। साथ ही, पीठ ने याद दिलाया कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है और यहां सभी धर्मों का सम्मान किया जाना चाहिए।
पर्यावरण के अनुकूल दिवाली मनाने की थी अपील
दीया मिर्जा बीएमसी के एक जन जागरूकता अभियान का हिस्सा थीं। इसके तहत लोगों को पर्यावरण के अनुकूल और कम प्रदूषण वाली दिवाली मनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था। इसी अभियान के लिए बनाए गए वीडियो में दीया ने लोगों से वायु प्रदूषण कम करने और सार्वजनिक सड़कों पर पटाखे नहीं फोड़ने की अपील की थी। यह अपील बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुरूप थी।
ये भी पढ़ें: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर तुषार कपूर को धमकी, 5 करोड़ की मांग करने वाले की तलाश में जुटी पुलिस

