Cancer Myths Debunked: कैंसर को लेकर समाज में कई तरह की भ्रांतियां फैली हुई हैं। रायपुर के वरिष्ठ कैंसर सर्जन डॉ. जयेश शर्मा ने 13 जुलाई को इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा कर कैंसर से जुड़े चार आम मिथकों का खंडन किया और लोगों से वैज्ञानिक तथ्यों पर भरोसा करने की अपील की।
मिथक 1: बायोप्सी से कैंसर फैलता है
डॉ. शर्मा ने स्पष्ट कहा कि बायोप्सी से कैंसर नहीं फैलता। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे तेज रफ्तार कार में देर से ब्रेक लगाने पर हादसे के लिए ब्रेक जिम्मेदार नहीं होते, उसी तरह देर से जांच कराने के कारण बीमारी बढ़ती है, बायोप्सी उसकी वजह नहीं होती।
मिथक 2 और 3: कैंसर छूने से फैलता है, चीनी नहीं खानी चाहिए
उन्होंने बताया कि कैंसर संक्रामक नहीं है और यह छूने से नहीं फैलता। इस गलत धारणा के कारण मरीजों को परिवार से अलग कर दिया जाता है, जो बेहद दुखद है। उन्होंने यह भी कहा कि कैंसर मरीजों को चीनी पूरी तरह बंद करने की जरूरत नहीं होती। चीनी न खाने से कैंसर भूखा नहीं मरता और चीनी खाने से कैंसर नहीं बढ़ता।
मिथक 4: स्टेज-4 कैंसर में इलाज की जरूरत नहीं
डॉ. शर्मा के अनुसार, स्टेज-4 कैंसर का मतलब इलाज बंद करना नहीं है। इस चरण में भी इलाज से कैंसर और उसके लक्षणों को नियंत्रित किया जा सकता है, जिससे मरीज की जीवन गुणवत्ता बेहतर बनी रहती है। उन्होंने कहा कि जीवन का उद्देश्य केवल बीमारी नहीं, बल्कि बेहतर तरीके से जीना होना चाहिए।
ये भी पढ़े: पब्लिक चार्जिंग स्टेशन पर फोन चार्ज करना पड़ सकता है भारी, बैंक अकाउंट तक हो सकता है हैक

