CJP Protest Jantar Mantar: शिक्षा व्यवस्था और परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन 13वें दिन भी जारी है। CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि ACP अजय शर्मा और उनकी टीम ने प्रदर्शन स्थल पर बनाई जा रही लाइब्रेरी की किताबें फेंक दीं, जिनमें छत्रपति शिवाजी महाराज और भगत सिंह पर आधारित पुस्तकें भी शामिल थीं। उन्होंने दावा किया कि दो छात्रों के साथ मारपीट की गई और उनके शरीर पर चोट के निशान भी दिखाए। दीपके ने ACP अजय शर्मा को निलंबित करने की मांग करते हुए पूछा कि केवल प्रदर्शन स्थल पर लोगों के पढ़ने के लिए लाइब्रेरी बनाने पर छात्रों के साथ मारपीट क्यों की गई।
सोनम वांगचुक की सेहत बिगड़ी
आमरण अनशन पर बैठे प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल का गुरुवार को पांचवां दिन है। मेडिकल जांच में उनका ब्लड शुगर 60 तक पहुंच गया है और ब्लड प्रेशर भी काफी कम बताया गया है। अभिजीत दीपके ने एक्स पर सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि वांगचुक को कुछ होता है तो इसकी जिम्मेदारी केंद्र सरकार की होगी। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी दोहराई।
'कॉकरोचों के साथ चाय पे चर्चा'
आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए दीपके ने जंतर-मंतर पर 'कॉकरोचों के साथ चाय पे चर्चा' कार्यक्रम शुरू किया। उनका कहना है कि इसका उद्देश्य प्रदर्शनकारियों से सुझाव लेकर आंदोलन को और व्यापक और प्रभावी बनाना है।
छात्र भी अनिश्चितकालीन अनशन पर
जंतर-मंतर पर AISA के छह छात्र भी अलग मंच से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। संगठन के अनुसार, JNUSU के संयुक्त सचिव दानिश का ब्लड शुगर 61 mg/dL तक गिर गया है। वहीं, डॉक्टरों ने प्रदर्शनकारी आमीन और दीपक कुमार वर्मा को तुरंत अनशन समाप्त करने की सलाह दी है।
आंदोलन को मिल रहा समर्थन
प्रदर्शन को कई राजनीतिक और सामाजिक नेताओं का समर्थन मिल रहा है। CPI (ML) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य भी प्रदर्शनकारियों के समर्थन में जंतर-मंतर पहुंच रहे हैं। इससे पहले एम. ए. बेबी, वृंदा करात, डी. राजा, योगेंद्र यादव, प्रशांत भूषण, एनी राजा, अंजलि भारद्वाज और सागरिका घोष भी आंदोलन को समर्थन दे चुके हैं।
ये भी पढ़े: जेल में पिटाई से हुई युवक की मौत, 15 साल बाद 9 पुलिसकर्मियों को उम्रकैद

