Temple Device India: फूड डिलीवरी कंपनी जोमैटो के फाउंडर दीपिंदर गोयल ने अपना नया डिवाइस Temple भारत में पेश कर दिया है. इसे इंसान की सेहत और दिमाग से जुड़ी गतिविधियों को ट्रैक करने के लिए तैयार किया गया है. भारत में 1 नवंबर से इसकी प्री-ऑर्डर बुकिंग शुरू हो रही है. इसकी कीमत 85,000 रुपये रखी गई है, जिसमें लाइफटाइम सब्सक्रिप्शन भी शामिल है.
Temple कोई आम स्मार्टवॉच या फिटनेस बैंड नहीं है. इसे खास तौर पर दिमाग में ब्लड फ्लो और उससे जुड़े संकेतों को मॉनिटर करने के लिए बनाया गया है.
दिमाग में ब्लड फ्लो ट्रैक करेगा Temple
यह डिवाइस सिर के एक तरफ माथे और कान के बीच लगाया जाता है. इसमें लगे ऑप्टिकल सेंसर दिमाग में खून के बहाव में होने वाले बदलाव को ट्रैक करते हैं. कंपनी इस तकनीक को BrainFlow कहती है.
इसमें Entropy Score फीचर भी दिया गया है, जो 1 से 250 के बीच स्कोर दिखाता है. इससे यूजर शरीर पर पड़ने वाले तनाव को समझ सकता है. इसमें नींद, एक्सरसाइज, स्ट्रेस और कैफीन जैसी चीजों के प्रभाव को भी शामिल किया जा सकता है.
बिना स्ट्रैप के सिर पर होगा फिट
Temple को पहनने के लिए किसी स्ट्रैप की जरूरत नहीं है. इसे Grips नाम के खास चिपकने वाले टेप से लगाया जाता है. कंपनी के मुताबिक, इसे रनिंग, स्विमिंग और नहाते समय भी पहना जा सकता है. इसे चश्मा पहनने वाले लोगों को ध्यान में रखकर भी डिजाइन किया गया है.
कीमत, कलर और प्री-ऑर्डर की जानकारी
भारत में Temple की कीमत 85,000 रुपये है. इसकी प्री-ऑर्डर विंडो 1 नवंबर को रात 9:30 बजे खुलेगी. इच्छुक ग्राहक Temple ऐप या आधिकारिक वेबसाइट temple.com से बुकिंग कर सकते हैं. हर डिवाइस ऑर्डर मिलने के बाद तैयार किया जाएगा, इसलिए डिलीवरी में करीब तीन महीने लग सकते हैं. शिपमेंट से पहले ग्राहक रिफंड की मांग भी कर सकते हैं.
यह डिवाइस True Gold, Rose Gold, Black Mirror, Real Jade, Deep Blue और Purple Funk समेत छह रंगों में उपलब्ध होगा. कंपनी ने स्पष्ट किया है कि Temple मेडिकल जांच या किसी बीमारी का पता लगाने वाला उपकरण नहीं है. इसे वेलनेस और रिसर्च के उद्देश्य से बनाया गया है.

