Delhi Air Pollution AQI: दीवाली की खुशियों से पहले दिल्ली-NCR की हवा ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। राजधानी में प्रदूषण का स्तर तेजी से बिगड़ रहा है और कई इलाकों में AQI 400 के करीब पहुंच गया है। जहरीली हवा और घनी धुंध के बीच लोगों का सांस लेना मुश्किल हो रहा है। हालात को देखते हुए GRAP-2 की पाबंदियां भी लागू हैं।
कई इलाकों में AQI 450 के पार, इंडिया गेट भी धुंध में गायब
आज सुबह दिल्ली का औसत AQI 370 दर्ज किया गया। वहीं, जहांगीरपुरी में यह 459, IIT दिल्ली में 447 और पंजाबी बाग में 446 तक पहुंच गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है। इंडिया गेट और ओखला फेस-2 के आसपास भी AQI 399 दर्ज किया गया। प्रदूषण के कारण इंडिया गेट धुंध की मोटी चादर में छिप गया। इससे पहले बुधवार को दिल्ली का 24 घंटे का औसत AQI 377 रहा था, जो पिछले 288 दिनों का सबसे ऊंचा स्तर है।
पराली जलाने पर पंजाब के 5 जिलों के अधिकारियों को नोटिस
दिल्ली की बिगड़ती हवा के बीच पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने की घटनाएं भी चिंता बढ़ा रही हैं। इसे रोकने में नाकामी पर वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने पंजाब के पांच जिलों के शीर्ष अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की है। जालंधर, फरीदकोट, बठिंडा, बरनाला और फाजिल्का के उपायुक्तों (DC) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (SSP) को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। आयोग ने अधिकारियों से जवाब मांगा है और पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाने को कहा है।
GRAP-2 के तहत निर्माण कार्यों और पुराने वाहनों पर रोक
दिल्ली-NCR में प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए GRAP-2 के तहत कई सख्त पाबंदियां लागू की गई हैं। इसके तहत 5 से 20 नवंबर तक धूल और प्रदूषण फैलाने वाले सभी बाहरी निर्माण कार्यों पर रोक रहेगी। हालांकि, अस्पताल, मेट्रो और रेलवे जैसी जरूरी परियोजनाओं को छूट दी गई है। इसके अलावा दिल्ली में BS-III पेट्रोल और BS-IV डीजल या उससे पुराने मानकों वाले वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लगाया गया है।
ये भी पढ़ें: दिवाली से पहले दिल्ली में दमघोंटू हुई हवा, AQI 350 के पार; अगले 2 दिनों तक और बिगड़ सकते हैं हालात

