Delhi Yamuna River Safari: दिल्लीवासियों को मंगलवार को दो बड़ी सौगात मिलने जा रही हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता राजधानी में यमुना रिवर सफारी का उद्घाटन करेंगी। इसके साथ ही मुफ्त गैस सिलेंडर योजना के तहत 15 लाख से अधिक राशन कार्डधारक परिवारों के बैंक खातों में आर्थिक सहायता भेजी जाएगी। दोनों कार्यक्रमों के जरिए सरकार पर्यटन और जनकल्याण से जुड़ी पहल को आगे बढ़ाएगी।
सोनिया विहार से जगतपुर तक चलेगा क्रूज
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मंगलवार सुबह 11 बजे 'नमो यमुना रिवर सफारी' का उद्घाटन करेंगी। इस मौके पर केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल भी मौजूद रहेंगे। इसके तहत सोनिया विहार से जगतपुर के बीच क्रूज सेवा शुरू होगी।
क्रूज का ट्रायल पहले ही पूरा किया जा चुका है। अधिकारियों के अनुसार, इसमें एक बार में करीब 30 यात्री सफर कर सकेंगे। यात्रा में लगभग 35 से 40 मिनट लगेंगे, जबकि प्रति व्यक्ति प्रस्तावित किराया 500 रुपये होगा। इस पहल का उद्देश्य यमुना को पर्यटन से जोड़ना और दिल्ली में मनोरंजन का नया विकल्प उपलब्ध कराना है।
15 लाख परिवारों को मिलेंगे गैस सिलेंडर के पैसे
मुख्यमंत्री मंगलवार को तालकटोरा स्टेडियम में मुफ्त गैस सिलेंडर योजना की राशि भी लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर करेंगी। इसके लिए करीब 142 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे। डीबीटी के माध्यम से 15 लाख से अधिक राशन कार्डधारक परिवारों को सहायता मिलेगी।
योजना के तहत पात्र परिवारों को एक गैस सिलेंडर की कीमत के बराबर रकम दी जाती है। यह पैसा परिवार के मुखिया के बैंक खाते में सीधे भेजा जाएगा। यानी सरकार सिलेंडर वितरित करने के बजाय उसे खरीदने के लिए आर्थिक सहायता देगी। इसका लाभ वैध राशन कार्ड रखने वाले पात्र परिवारों को मिलेगा।

