Tuesday, Nov 10

होम = Breaking = इजरायल में सरकार बनाने की कवायद तेज, नेतन्याहू ने दिया यूनिटी गवर्नमेंट का प्रस्ताव; अरब पार्टियों का क्या होगा?

इजरायल में सरकार बनाने की कवायद तेज, नेतन्याहू ने दिया यूनिटी गवर्नमेंट का प्रस्ताव; अरब पार्टियों का क्या होगा?

Israel Unity Government: इजरायल में चुनाव नतीजों के बाद नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने देश की मौजूदा चुनौतियों का हवाला देते हुए यूनिटी गवर्नमेंट बनाने का प्रस्ताव दिया है। वह जायोनी और हरेदी पार्टियों को साथ लाकर सरकार बनाने की संभावनाएं तलाश रहे हैं। इस बीच सवाल उठ रहा है कि क्या अरब पार्टियां सत्ता के समीकरण में निर्णायक भूमिका निभाने के बावजूद सरकार से बाहर रह जाएंगी?

नेतन्याहू बोले- सभी दलों को साथ आना चाहिए

नेतन्याहू ने अपने कार्यालय की ओर से जारी वीडियो संदेश में कहा, "मैं किसी को बाहर नहीं रखता और दूसरों को भी किसी को बाहर नहीं रखना चाहिए।" उन्होंने जोर दिया कि देश के सामने मौजूद चुनौतियों से निपटने के लिए सभी राजनीतिक दलों को एकजुट होना होगा।

उनका कहना है कि लिकुड सबसे बड़ी पार्टी है, इसलिए सरकार गठन की अगुवाई उसे करनी चाहिए। उन्होंने राष्ट्रीय खेमे, हरेदी और अन्य जायोनी पार्टियों को मिलाकर एकता सरकार बनाने का प्रस्ताव रखा। साथ ही कहा कि इस पर चर्चा के लिए तैयार किसी भी दल के साथ वह तुरंत बातचीत शुरू कर सकते हैं।

आइजेनकोट ने रखी नेतन्याहू के सामने शर्त

नेतन्याहू का यह बयान आइजेनकोट के उस बयान के एक दिन बाद आया, जिसमें उन्होंने नेतन्याहू और उनके कट्टर दक्षिणपंथी सहयोगी को गठबंधन में शामिल करने की इच्छा जताई थी। हालांकि, उनकी शर्त थी कि सरकार का नेतृत्व वह खुद करेंगे।

क्या अरब पार्टियों के हाथ से निकलेगी सत्ता की चाबी?

इजरायल में सत्ता का गणित काफी दिलचस्प है। अरब पार्टियों की जॉइंट लिस्ट के पास 11 और राआम के पास 8 सीटें हैं। इनके समर्थन से आइजेनकोट के 48 सांसदों का आंकड़ा बढ़कर 67 हो सकता है।

हालांकि, आइजेनकोट अरब पार्टियों को सरकार में शामिल करने से इनकार कर चुके हैं। राआम सरकार में शामिल होने को तैयार है, जबकि जॉइंट लिस्ट बाहर से समर्थन देना चाहती है।

दूसरी ओर, नेतन्याहू जायोनी और हरेदी दलों के साथ एकता सरकार बनाना चाहते हैं। ऐसे में अरब पार्टियों के समर्थन की जरूरत खत्म हो सकती है। फिलहाल वे किंगमेकर की स्थिति में जरूर हैं, लेकिन सरकार में उनकी भागीदारी तय नहीं है। यदि आइजेनकोट दूसरे दलों के साथ बहुमत जुटा लेते हैं या नेतन्याहू की एकता सरकार बन जाती है, तो अरब पार्टियों की भूमिका सीमित हो सकती है।

ये भी पढ़े: हरिद्वार जा रहे 6 दोस्तों की कार पलटी, आग लगने से सभी की मौत; दो सगे भाई भी शामिल