Thursday, Nov 12

होम = Others = शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान ट्रक का पहिया थाना प्रभारी पर चढ़ा, मौत की जांच के लिए SIT गठित

शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान ट्रक का पहिया थाना प्रभारी पर चढ़ा, मौत की जांच के लिए SIT गठित

Dewas Police Officer Death: अवैध शराब की तस्करी रोकने की कोशिश एक पुलिस अधिकारी की जान पर भारी पड़ गई। मध्य प्रदेश के देवास में ट्रक को रोकने के दौरान खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की मौत हो गई। घटना रविवार देर रात इंदौर-बैतूल हाईवे पर हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए एसआईटी गठित की है।

तस्करी की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस के मुताबिक, अवैध शराब की तस्करी की सूचना मिलने के बाद कई टीमें कार्रवाई के लिए रवाना हुई थीं। इनमें से एक टीम का नेतृत्व थाना प्रभारी दिलीप पुरी कर रहे थे। देवास के पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने बताया कि रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे पुलिस टीम को हाईवे पर एक संदिग्ध ट्रक मिला। पुलिस ने चालक को बाहर आने के लिए कहा, लेकिन उसने ट्रक को तेज रफ्तार से भगाने की कोशिश की।

इलाज के दौरान हुई थाना प्रभारी की मौत, SIT गठित

पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान ट्रक का पिछला पहिया थाना प्रभारी दिलीप पुरी के ऊपर चढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां करीब दो घंटे तक इलाज और CPR दिए जाने के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। ट्रक जब्त कर लिया गया है, जबकि चालक की तलाश जारी है। घटना को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है।

13 से अधिक लोगों की मौत का मामला

गौरतलब है कि देवास जिले के चंदाना और बिंजाना गांवों में हाल ही में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से 13 से अधिक लोगों की मौत का मामला सामने आया था। ग्रामीणों के मुताबिक, करीब 20 दिनों के भीतर दोनों गांवों में इतनी मौतें हुईं। इसके अलावा कई लोगों की आंखों की रोशनी प्रभावित होने की बात भी सामने आई थी।

ये भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में पुलिस हेड कॉन्स्टेबल पर शिकंजा, छापेमारी में करोड़ों की संपत्ति का हुआ खुलासा