Tuesday, Nov 10

होम = Breaking = दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट JLN स्टेडियम में 30 अक्टूबर को, 2000 प्राइवेट गार्ड सुरक्षा में रहेंगे तैनात

दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट JLN स्टेडियम में 30 अक्टूबर को, 2000 प्राइवेट गार्ड सुरक्षा में रहेंगे तैनात

Diljit Dosanjh Delhi Concert Security: दिलजीत दोसांझ के दिल्ली कॉन्सर्ट को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 30 अक्टूबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले इस कार्यक्रम के लिए सुरक्षा से लेकर पार्किंग और कैब की व्यवस्था तक पर खास ध्यान दिया जा रहा है। भीड़ को संभालने और ट्रैफिक जाम से बचने के लिए स्टेडियम के बाहर करीब 2,000 निजी सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाने की उम्मीद है। यह कदम दिल्ली पुलिस के शुरुआती फैसले के बाद उठाया गया है।

400 की जगह 2,000 तक निजी गार्ड रखने की सलाह

दिल्ली पुलिस ने कॉन्सर्ट के आयोजकों को पहले तय 400 गार्ड के बजाय 1,500 से 2,000 निजी सुरक्षा गार्ड तैनात करने की सलाह दी है। इनकी जिम्मेदारी कार्यक्रम में आने वाली भीड़ को संभालने की होगी। आयोजकों से आसपास और पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा गया है। ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए कैब एग्रीगेटर्स और नेविगेशन प्लेटफॉर्म के साथ समन्वय कर पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ की व्यवस्था भी बेहतर बनाने की सलाह दी गई है।

वाहनों की आवाजाही पर लग सकती है रोक

दिल्ली पुलिस कार्यक्रम स्थल के 500 से 700 मीटर के दायरे में वाहनों की आवाजाही रोकने की योजना बना रही है। पैदल यात्रियों के लिए तय जोन में केवल कलाकारों को ले जाने वाली गाड़ियों को प्रवेश मिल सकेगा। इससे पहले, सुरक्षा संबंधी चिंताओं और त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति का हवाला देते हुए कॉन्सर्ट की अनुमति नहीं दी गई थी। हालांकि, आयोजकों के साथ बैठक के बाद पुलिस ने कार्यक्रम को मंजूरी दे दी।

ये भी पढ़ें: अहमदाबाद में सिंगर दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट और 10 स्कूलों को मिली बम की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां हुईं अलर्ट