Dubai: बई के जेबेल अली औद्योगिक क्षेत्र में कई धमाकों की खबर सामने आई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में रात के आसमान में घना काला धुआं उठता दिखाई दे रहा है। ईरान की मेहर समाचार एजेंसी ने अमीराती अधिकारियों के हवाले से दावा किया है कि करीब 20 मिनट के भीतर सात धमाके हुए। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि यह घटना किसी हमले का नतीजा थी या औद्योगिक दुर्घटना।
मिसाइल हमले की अटकलें, आधिकारिक पुष्टि नहीं
रिपोर्ट के मुताबिक, घटना का वीडियो बनाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं इराकी मीडिया ने दावा किया है कि अमेरिका-ईरान युद्ध के बीच यमन से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) पर मिसाइल हमला किया गया। हालांकि अमीरात के सरकारी मीडिया ने धमाकों के कारण को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की है।
मेहर के अनुसार, NASA की थर्मल इमेजरी से संकेत मिले हैं कि जेबेल अली बंदरगाह के पास ईंधन भंडारण और ट्रांसफर के लिए इस्तेमाल होने वाले एक गोदाम में आग लगी थी। फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
रणनीतिक क्षेत्र में हुआ विस्फोट
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में रिहायशी इलाके के पास आसमान में धुएं का बड़ा गुबार दिखाई दे रहा है। अल फुरजान इलाके के लोगों ने भी धमाकों जैसी तेज आवाजें सुनने की पुष्टि की है। जेबेल अली, दुबई शहर से लगभग 25 मील दक्षिण-पश्चिम में स्थित UAE का प्रमुख व्यापारिक और शिपिंग केंद्र है। यहां पाम जेबेल अली, फ्री ट्रेड जोन और दुनिया के सबसे बड़े मानव निर्मित बंदरगाहों में से एक मौजूद है। अमेरिका-ईरान युद्ध के दौरान ईरान की संभावित जवाबी कार्रवाई को देखते हुए UAE पहले से ही हाई अलर्ट पर है।
ये भी पढ़े: महाराष्ट्र में नकली पनीर पर पूरी तरह बैन, बेचने या बनाने पर 6 महीने की जेल और ₹1 लाख तक का जुर्माना

