SIR Schedule Revised: वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चुनाव आयोग ने बड़ा बदलाव किया है। आयोग ने दिल्ली समेत छह राज्यों में इस प्रक्रिया का कार्यक्रम संशोधित किया है। नए शेड्यूल के तहत दिल्ली के मतदाता अब 25 नवंबर तक वोटर लिस्ट में नाम को लेकर दावा या आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। इनका निपटारा 15 दिसंबर तक किया जाएगा।
हरियाणा और महाराष्ट्र में भी बदली तारीखें
संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक, हरियाणा और महाराष्ट्र में भी वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की तारीखों में बदलाव किया गया है। हरियाणा में मतदाताओं की ओर से पहले ही दर्ज कराए गए दावों और आपत्तियों का निपटारा 20 नवंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 30 नवंबर को अंतिम वोटर लिस्ट प्रकाशित होगी। वहीं, महाराष्ट्र में मतदाता अब 13 नवंबर तक अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। चुनाव आयोग ने इनके निपटारे के लिए 25 नवंबर की तारीख तय की है। महाराष्ट्र की अंतिम वोटर लिस्ट भी 30 नवंबर को जारी की जाएगी।
जानें आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और नगालैंड का नया शेड्यूल
चुनाव आयोग ने आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और नगालैंड के लिए भी SIR का संशोधित कार्यक्रम जारी किया है। इसके मुताबिक, आंध्र प्रदेश में मतदाताओं की ओर से दर्ज कराए गए दावों और आपत्तियों का निपटारा 20 नवंबर तक किया जाएगा। वहीं, तेलंगाना में यह प्रक्रिया 26 नवंबर और नगालैंड में 25 नवंबर तक पूरी होगी। इन तीनों राज्यों में अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
ये भी पढ़ें: SIR के खिलाफ याचिकाओं पर पूर्व जस्टिस कौल का आया रिएक्शन, कहा- सरकार के खिलाफ राजनीतिक हथियार न बनें अदालतें
