Meenakshi Amman Temple Elephant Durga: विनायक चतुर्थी के खास मौके पर मदुरै के प्रसिद्ध मीनाक्षी अम्मन मंदिर में पांच साल की मादा हथिनी दुर्गा ने दस्तक दी. असम से करीब 3,000 किलोमीटर का सफर तय कर मंगलवार को मंदिर पहुंची दुर्गा का कर्मचारियों और श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर स्वागत किया. मंदिर पहुंचते ही दुर्गा को मंदिर की नई हथिनी का दर्जा मिल गया.
अब मंदिर में दो हथिनियां
मीनाक्षी अम्मन मंदिर में पहले से पार्वती नाम की मादा हथिनी मौजूद है. दुर्गा के आने के बाद मंदिर में अब दो हथिनियां हो गई हैं. दुर्गा के मंदिर पहुंचने से कुछ दिन पहले यहां एक ऊंट भी खरीदा गया था और उसे परिसर में लाया गया था.
हाईकोर्ट के आदेश के बाद मिली अनुमति
दुर्गा को मंदिर लाने की अनुमति मद्रास हाईकोर्ट की एक पीठ के आदेश के बाद मिली. पीठ ने एकल न्यायाधीश के उस आदेश को रद्द कर दिया था, जिसमें मंदिरों को हाथी खरीदने या दान में हाथी लेने से रोका गया था. इसके बाद वन विभाग ने असम से दुर्गा को मीनाक्षी अम्मन मंदिर लाने की अनुमति दी. करीब 3,000 किलोमीटर की यात्रा के बाद विनायक चतुर्थी के दिन दुर्गा का मंदिर पहुंचना श्रद्धालुओं के लिए खास मौका रहा. मंदिर परिसर में उसके स्वागत की तस्वीरें भी आकर्षण का केंद्र बनीं.

