Houthi Attacks Saudi Arabia: हूती विद्रोहियों के लगातार हमलों के बीच सऊदी अरब सरकार ने मक्का अल-मुकर्रमा में इमरजेंसी अलर्ट जारी किया है. लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाने, घरों के अंदर रहने और खिड़कियों से दूर रहने की सलाह दी गई है. खुली जगह, कांच, बालकनी और छत से दूर रहने को कहा गया है. बाहर होने पर नजदीकी इमारत में जाने या मजबूत चीज की आड़ लेने का निर्देश है. वाहन में मौजूद लोगों को सड़क किनारे रुकने और पुलों व ऊंची इमारतों से दूर रहने को कहा गया है. मक्का दुनिया भर के मुसलमानों का पवित्र शहर है.
सऊदी कैबिनेट ने हमलों की निंदा की
सऊदी कैबिनेट ने नागरिकों और नागरिक सुविधाओं पर हूती हमलों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा, क्षेत्रीय अखंडता और राष्ट्रीय क्षमताओं से समझौता नहीं होगा. सरकार ने संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत अपनी संप्रभुता, नागरिकों, निवासियों और अहम हितों की रक्षा के अधिकार को दोहराया. ईरान समर्थित हूथियों ने सऊदी अरब पर मिसाइल-ड्रोन हमलों की नई लहर शुरू की है. समूह ने खमीस मुशैत के सैन्य एयरबेस के हैंगर, रडार, रनवे और गोला-बारूद डिपो को निशाना बनाने का दावा किया. सऊदी गठबंधन के अनुसार हमलों में 13 नागरिक घायल हुए हैं.
लाल सागर में भी बढ़ा खतरा
अधिकारियों के मुताबिक हूती लाल सागर तट पर अपनी स्थिति मजबूत कर रहे हैं. रिपोर्टों में पेरिम द्वीप पर कब्जे की बात कही गई है. सोमवार को अधिकारियों ने बताया कि हूथियों ने ग्रेटर और लेसर हनिश द्वीपों पर भी कब्जा किया, जो बाब अल-मंदेब से 160 किमी उत्तर में हैं. इससे सऊदी शिपिंग रूट पर खतरा बढ़ा है और वे जिबूती स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे से करीब 32 किमी दूर पहुंच गए हैं. वहीं, खाड़ी देशों ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ खोलने पर ईरान से बातचीत टाल दी है, जिससे क्षेत्रीय स्थिरता और वैश्विक तेल आपूर्ति की चिंता बढ़ी है.

