Friday, Sep 11

होम = News Big = ‘परिवार को इम्प्रेस करना था…’, फर्जी PMO अफसर बनकर घूम रहा था 24 साल का युवक

‘परिवार को इम्प्रेस करना था…’, फर्जी PMO अफसर बनकर घूम रहा था 24 साल का युवक

by | Sep 10, 2026 | News Big

Fake PMO Officer: मुंबई में फर्जी प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) पहचान पत्र का इस्तेमाल करने के आरोप में 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी रोहन पारिख ने पूछताछ में दावा किया कि वह अपने परिवार को इम्प्रेस करना चाहता था। इसी वजह से उसने ऐसा फर्जी कार्ड बनवाया, जिससे वह यह दिखा सके कि वह किसी अच्छे काम से जुड़ा है और PMO के लिए काम करता है। मामला 7 सितंबर को बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित जियो वर्ल्ड प्लाजा मॉल का है। पुलिस के अनुसार, रोहन पारिख अपने साथ 49 वर्षीय दिलीप कुंडे और एक अन्य व्यक्ति प्रथेमेश बागुल के साथ मॉल पहुंचा था।

फर्जी कार्ड दिखाकर मॉल में ली एंट्री

तीनों ने कथित तौर पर फर्जी PMO पहचान पत्र दिखाकर मॉल में प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने वहां से एक परफ्यूम और वॉलेट खरीदा। बाहर निकलते समय दिलीप कुंडे के पास हथियार मिलने के बाद मॉल के सुरक्षा कर्मचारियों से उनकी बहस हो गई। इसी दौरान पारिख ने खुद को PMO का अधिकारी बताया। पुलिस ने रोहन पारिख और दिलीप कुंडे को गिरफ्तार कर लिया है और दोनों को 11 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है। वहीं तीसरे आरोपी प्रथेमेश बागुल की तलाश जारी है।

AI से बनाया था फर्जी कार्ड

पुलिस को शक है कि रोहन पारिख ने फर्जी PMO पहचान पत्र तैयार करने के लिए AI टूल्स का इस्तेमाल किया। जांचकर्ता कार्ड से जुड़ी तकनीकी जानकारी की जांच कर रहे हैं।

पूछताछ में पारिख ने यह भी दावा किया कि उसे 2024 में PMO में किसी पद के लिए चयन की पुष्टि करने वाला ईमेल मिला था। पुलिस अब इस ईमेल और उसके दावे की भी जांच कर रही है। पुलिस उसके बताए कारण से पूरी तरह संतुष्ट नहीं है और फर्जी पहचान पत्र इस्तेमाल करने के पीछे उसके दूसरे संभावित मकसद की भी जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें: https://newsindia24x7.tv/brics-summit-security-delhi/