Flipkart Bribery Allegations: ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट के कुछ कर्मचारियों पर रिश्वत लेने के गंभीर आरोप लगे हैं। मामला सामने आने के बाद इसकी मूल कंपनी अमेरिकी रिटेल दिग्गज वॉलमार्ट ने जांच शुरू कर दी है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, व्हिसलब्लोअर की शिकायत के बाद यह कदम उठाया गया। आरोप है कि स्मार्टफोन और लगेज समेत यात्रा से जुड़े सामान के विभाग में काम करने वाले कर्मचारियों को 150 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम मिली है।
चुनिंदा विक्रेताओं को फायदा पहुंचाने का आरोप
मामले से जुड़े लोगों के मुताबिक, फ्लिपकार्ट के कुछ कर्मचारियों ने चुनिंदा ब्रांड और विक्रेताओं से पैसे लेकर उन्हें फायदा पहुंचाया। इनमें स्मार्टफोन और लगेज बेचने वाले विक्रेता शामिल हैं। आरोप है कि कर्मचारियों ने थोक कारोबार में अपनी भूमिका का दुरुपयोग करते हुए कुछ विक्रेताओं के उत्पादों को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर ज्यादा जगह दिलाई, जिससे उनकी बिक्री बढ़ी।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
वॉलमार्ट पिछले तीन साल से भी कम समय में फ्लिपकार्ट से जुड़े ऐसे दो मामलों की जांच कर चुकी है। करीब ढाई साल पहले लगेज और यात्रा से जुड़े सामान के विभाग में वित्तीय गड़बड़ी की शिकायत मिली थी। जांच के बाद कम से कम तीन कर्मचारियों को नौकरी से हटा दिया गया था। इसके करीब दो साल बाद स्मार्टफोन विभाग से जुड़ा एक और मामला सामने आया, जिसमें एक कर्मचारी पर लगे आरोप सही पाए गए थे।
फ्लिपकार्ट की शेयर बाजार में उतरने की योजना की समयसीमा तय नहीं होने से मौजूदा और पूर्व कर्मचारियों में शेयर बेचने को लेकर चिंता है। पिछले साल कंपनी के 14 अधिकारी पद छोड़ चुके हैं, जबकि 1,000 से ज्यादा पूर्व कर्मचारियों ने वॉलमार्ट बोर्ड के सामने शेयरों को लेकर अपनी मांग रखी थी।
ये भी पढ़ें: Amazon Layoffs: एमेजॉन ने की फिर कर्मचारियों की छंटनी, जानें किन पदों पर पड़ा असर

