Gauri Fairness Cream Mercury: गोरा होने की चाहत सेहत पर भारी पड़ सकती है। पाकिस्तान में बनी फेयरनेस क्रीम 'गौरी' में मरकरी यानी पारे की बेहद अधिक मात्रा होने का दावा सामने आया है। त्वचा पर इस्तेमाल होने वाला यह केमिकल लंबे समय तक संपर्क में रहने पर किडनी, नर्वस सिस्टम और दिमाग को नुकसान पहुंचा सकता है। महाराष्ट्र में प्रतिबंध के बावजूद मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल समेत कई शहरों में इस क्रीम की बिक्री होने की बात सामने आई है।
क्रीम में 5700 PPM पारा होने का दावा
भोपाल के चौक बाजार की दुकानों के अलावा ई-कॉमर्स वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी यह क्रीम 150 से 800 रुपये तक में उपलब्ध होने का दावा किया जा रहा है। इसके पैक पर 'मेड इन पाकिस्तान' लिखा है।
डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. प्रेरणा शर्मा के मुताबिक, इस क्रीम में मरकरी का स्तर 5700 PPM पाया गया है, जबकि सुरक्षित सीमा 1 PPM से कम बताई जाती है। यानी दावा है कि इसमें पारे की मात्रा निर्धारित सुरक्षित सीमा से करीब 5700 गुना अधिक है।
डॉ. शर्मा के अनुसार, मरकरी त्वचा के जरिए शरीर में पहुंचकर किडनी और नर्वस सिस्टम को नुकसान पहुंचा सकता है। इसका प्रभाव कई बार तुरंत दिखाई नहीं देता। यह त्वचा में मेलानिन के उत्पादन को भी प्रभावित करता है। मेलानिन त्वचा का रंग निर्धारित करने वाला पिगमेंट है। इसका उत्पादन कम होने से त्वचा हल्की दिख सकती है, लेकिन यह प्राकृतिक निखार नहीं है।
महाराष्ट्र में किडनी खराब होने के मामले, भोपाल में जांच
महाराष्ट्र में 18 से अधिक महिलाओं की किडनी खराब होने की खबरों के बाद इस क्रीम को लेकर चिंता बढ़ गई है। मध्य प्रदेश सरकार ने भी मामले का संज्ञान लिया है। मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने पुलिस प्रशासन और संबंधित विभागों को जांच कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय सिंह के मुताबिक, पुलिस यह पता लगा रही है कि व्यापारिक प्रतिबंधों के बावजूद पाकिस्तानी उत्पाद भारत कैसे पहुंच रहे हैं। सप्लायर, बिचौलियों और बिक्री नेटवर्क की पहचान के लिए जांच और विश्लेषण किया जा रहा है। पुलिस कार्रवाई की तैयारी में है।
इस मामले ने प्रतिबंधित विदेशी उत्पादों की देश में बिक्री और उपभोक्ताओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ये भी पढ़े: कुलगाम में CRPF नाके पर आतंकी हमला, फायरिंग में तीन जवान घायल; एक की हालत गंभीर

