Saturday, Sep 12

होम = Cover Story Top = एक साथ 4 नाबालिग छात्राएं लापता, स्कूल के पास बंद हुए मोबाइल; पुलिस को साथ जाने का शक

एक साथ 4 नाबालिग छात्राएं लापता, स्कूल के पास बंद हुए मोबाइल; पुलिस को साथ जाने का शक

Gaya: बिहार के गया जिले में एक ही गांव की चार नाबालिग छात्राओं के एक साथ लापता होने से परिजनों की चिंता बढ़ गई है। चारों आपस में सहेलियां हैं और स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं। देर शाम तक वापस नहीं आने पर परिवारों ने गांव, स्कूल, रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

मामला वजीरगंज थाना क्षेत्र की सकरदास नवादा पंचायत के एक गांव का है। लापता छात्राओं में तीन पीएम श्री +2 उच्च विद्यालय सकरदास नवादा की 11वीं कक्षा की छात्राएं हैं, जबकि चौथी छात्रा दूसरे विद्यालय में 10वीं में पढ़ती है।

फॉर्म भरने की बात कहकर निकली थीं

परिजनों के अनुसार, चारों घर से स्कूल में फॉर्म भरने की बात कहकर निकली थीं। तय समय पर वापस नहीं लौटने के बाद परिवार स्कूल पहुंचा और अपने स्तर पर खोजबीन की। सफलता नहीं मिलने पर गुरुवार को वजीरगंज थाने में आवेदन देकर छात्राओं को बरामद करने की मांग की गई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। गया के वजीरगंज प्रखंड के डीएसपी अभिनव कुमार के मुताबिक, छात्राएं दो दिन पहले स्कूल जाने के लिए निकली थीं और फिर घर नहीं लौटीं। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच कर रही है। अभी तक कोई ऐसा पुख्ता सबूत नहीं मिला है, जिसके आधार पर निष्कर्ष निकाला जा सके।

सुबह 9:30 बजे बंद हुआ मोबाइल

परिजनों ने बताया था कि स्कूल के एक शिक्षक ने छात्राओं को बुलाया था, लेकिन CDR जांच में फिलहाल ऐसा कोई तथ्य नहीं मिला है। पुलिस गया जंक्शन समेत कई अहम स्थानों के CCTV फुटेज भी खंगाल चुकी है, मगर छात्राओं से जुड़ा कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस के अनुसार, छात्राओं के मोबाइल करीब सुबह 9:30 बजे बंद हुए थे और आखिरी लोकेशन स्कूल के आसपास बताई जा रही है।

अपहरण से ज्यादा साथ जाने के एंगल पर जांच

डीएसपी ने कहा कि अभी तक मामला अपहरण जैसा नहीं लग रहा है। अगर गांव से जबरन चारों को ले जाया जाता तो शोर-शराबे की संभावना थी, जिसकी कोई जानकारी नहीं मिली। इसलिए पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि चारों ने आपस में बात कर एक साथ कहीं जाने का फैसला किया हो। हालांकि, किसी भी संभावना को अभी पूरी तरह खारिज नहीं किया गया है। पुलिस उनके मोबाइल, CDR और संभावित रास्तों की लगातार पड़ताल कर रही है।

जिस दिन निकलीं, स्कूल पहुंची ही नहीं

पीएम श्री +2 उच्च विद्यालय सकरदास नवादा के प्रभारी प्राचार्य सुरेश कुमार ने शुक्रवार को बताया कि चारों में से तीन छात्राएं उनके स्कूल में पढ़ती हैं। पुलिस स्कूल पहुंचकर उनकी उपस्थिति और अन्य जानकारी ले चुकी है। प्राचार्य के मुताबिक, तीनों की स्कूल में उपस्थिति पहले से कम रही है और जिस दिन वे घर से निकली थीं, उस दिन स्कूल आई ही नहीं थीं। उन्होंने साफ किया कि किसी शिक्षक ने उन्हें स्कूल बुलाने के लिए फोन नहीं किया था। स्कूल प्रशासन को उनके लापता होने की जानकारी परिजनों से मिलने के बाद हुई। फिलहाल गया पुलिस चारों नाबालिगों की तलाश में जुटी है।

ये भी पढ़े: विदेशी जानवरों की भारत तक कैसे होती है तस्करी? जानिए पूरे नेटवर्क का रूट मैप