Germany Gift Cyber Fraud: गुजरात की राजकोट ग्रामीण पुलिस ने जर्मनी से गिफ्ट भेजने के नाम पर एक व्यक्ति से 6.31 लाख रुपये की साइबर ठगी के आरोप में दो पुरुषों और एक महिला समेत तीन विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। तीनों को उत्तर प्रदेश के नोएडा से पकड़ा गया और ट्रांजिट वारंट पर गुजरात लाया गया।
फर्जी फेसबुक अकाउंट से शुरू हुई दोस्ती
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान घाना के अकरा की जोसेफिन या याआ अंसाह उर्फ एंजेल (28), तंजानिया के मगेंगेली इमानी डेनिस (22) और दक्षिण सूडान के फिलिप बतिस्ता जोसेफ वैलेंटाइन (23) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, जोसेफिन ने ‘मैरी एम सैमुअल’ नाम के फर्जी फेसबुक अकाउंट से शिकायतकर्ता से संपर्क किया। WhatsApp पर लगातार बातचीत कर उसने भरोसा जीता और बताया कि उसने जर्मनी से उसके लिए एक पैकेज भेजा है।
30 हजार यूरो और महंगे गिफ्ट का झांसा
इसके बाद आरोपियों ने दूसरे नंबर से दिल्ली एयरपोर्ट कर्मचारी बनकर शिकायतकर्ता को फोन किया। उन्होंने पैकेज में 30,000 यूरो, सोने की चेन, iPhone और घड़ी समेत अन्य सामान होने का दावा किया। पैकेज छुड़ाने के लिए अलग-अलग टैक्स और फीस के नाम पर भुगतान कराया गया। शिकायतकर्ता ने कुल ₹6,31,900 दिए, लेकिन पार्सल नहीं मिला।
बाद में दिल्ली एयरपोर्ट के पार्सल कार्यालय से संपर्क करने पर पता चला कि उसके नाम पर कोई पैकेज आया ही नहीं था। इसके बाद साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
डिजिटल सबूतों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने फोन नंबर, IP लॉग, WhatsApp चैट और अन्य डिजिटल सबूतों के आधार पर आरोपियों की लोकेशन ग्रेटर नोएडा में ट्रेस की। दिल्ली में जांच कर रही साइबर क्राइम टीम को जानकारी देकर स्थानीय पुलिस की मदद से तीनों को पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपियों के 15 बैंक अकाउंट भी फ्रीज कराए हैं।
ये भी पढ़े: सऊदी अरब-पाक-तुर्किये का रक्षा समझौता, एक पर हमला तो तीनों पर माना जाएगा हमला

