PNB Bank Fraud: ग्रेटर नोएडा के ऐच्छर स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा में करोड़ों रुपये के गबन के मामले को लेकर सोमवार, 2 नवंबर को किसानों ने बैंक के सामने पंचायत की। इस दौरान प्रदर्शनकारी बैंक के अंदर भी पहुंच गए और नारेबाजी की। किसानों ने सभी पीड़ित खाताधारकों का पैसा जल्द लौटाने और घोटाले में शामिल बैंक कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
किसान नेता बृजेश भाटी ने की पंचायत की अगुवाई
पंचायत का नेतृत्व किसान नेता बृजेश भाटी ने किया। इसमें बैंक के पीड़ित खाताधारक और समाजसेवी भी शामिल हुए। बृजेश भाटी ने कहा कि अभी कुछ ही लोगों के पैसे वापस किए गए हैं, जबकि बाकी खाताधारक परेशान हैं। त्योहारों का समय नजदीक है और लोगों के पास अपने पैसे नहीं हैं। ऐसे में वे त्योहार कैसे मनाएंगे, उन्होंने कहा कि बैंक ने सभी का पैसा धीरे-धीरे लौटाने का भरोसा दिया था। घोटाले में शामिल सभी बैंक कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। केवल छोटे कर्मचारियों को निशाना बनाकर बड़े दोषियों को बचाया नहीं जाना चाहिए।
दिल्ली में PNB मुख्यालय पर धरने की चेतावनी
किसान नेता ने चेतावनी दी कि अगर पीड़ितों को न्याय नहीं मिला तो किसान दिल्ली कूच करेंगे और पंजाब नेशनल बैंक के मुख्यालय पर धरना देंगे। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोग बैंक के अंदर भी चले गए और वहां नारेबाजी की। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
16 खाताधारकों को लौटाए गए पैसे
पुलिस के मुताबिक, अब तक 16 लोगों के पैसे वापस किए जा चुके हैं। मामले की जांच सीबीआई कर रही है। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने किसानों और खाताधारकों को शांतिपूर्ण तरीके से समझाया कि बैंक की प्रक्रिया के तहत धीरे-धीरे पैसा वापस किया जा रहा है। वहीं, बैंक प्रबंधन ने सभी खाताधारकों को भरोसा दिया है कि उनकी रकम ब्याज सहित लौटाई जाएगी। बैंक की ओर से कहा गया है कि किसी भी खाताधारक को घबराने की जरूरत नहीं है।
ये भी पढ़ें: ‘जिंदगी में कभी किसी प्रोटेस्ट में नहीं जाऊंगा’, भारत छोड़ो नोटिस पर इमरान खान का कोर्ट में वादा

