Monday, Nov 09

होम = News Latest = ‘जिंदगी में कभी किसी प्रोटेस्ट में नहीं जाऊंगा’, भारत छोड़ो नोटिस पर इमरान खान का कोर्ट में वादा

‘जिंदगी में कभी किसी प्रोटेस्ट में नहीं जाऊंगा’, भारत छोड़ो नोटिस पर इमरान खान का कोर्ट में वादा

by | Nov 2, 2026 | News Latest

Imran Khan: बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान को विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) की ओर से भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया गया था। इसके खिलाफ उन्होंने बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है। सुनवाई के दौरान अभिनेता ने अदालत को भरोसा दिया कि वह भविष्य में किसी भी विरोध प्रदर्शन में शामिल नहीं होंगे। वहीं, अदालत ने कहा कि ओसीआई (OCI) कार्ड धारक होने के नाते वह भारतीय नागरिकों की तरह राजनीतिक गतिविधियों में हिस्सा नहीं ले सकते।

भारत छोड़ने के नोटिस पर लगी रोक

मुख्य न्यायाधीश एम.सी. त्रिपाठी और जस्टिस अद्वैत सेठना की पीठ ने पिछले सप्ताह ही इमरान खान के 'लीव इंडिया नोटिस' पर रोक लगा दी थी। सुनवाई के दौरान उनके वकील वेंकटेश धोंड ने कहा कि अभिनेता का किसी भी प्रदर्शनकारी संगठन से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि इमरान से न तो पूछताछ हुई और न ही उन्हें कोई समन भेजा गया है। मामले में लगाई गई सभी धाराएं जमानती हैं।

सरकार ने सोशल मीडिया पोस्ट का दिया हवाला

राज्य सरकार के वकील ने अदालत को बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। वहीं, FRRO की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल अनिल सिंह ने कहा कि उनके पास अभिनेता के खिलाफ पर्याप्त सबूत हैं। उन्होंने इमरान के सोशल मीडिया पोस्ट और एक इंटरव्यू का भी हवाला दिया, जिसे याचिका के साथ अदालत में पेश नहीं किया गया था।

'पूरी जिंदगी भारत में ही बीती'

इमरान खान के वकील ने बताया कि अभिनेता के पास अमेरिकी पासपोर्ट और ओसीआई कार्ड है। उनका जन्म अमेरिका में हुआ था, लेकिन उनकी पूरी जिंदगी भारत में बीती है। वह बचपन से यहां रह रहे हैं, उन्होंने भारत में शादी की और बॉलीवुड फिल्मों में काम किया। इससे पहले उनके पास पीआईओ कार्ड था। वकील ने अदालत को यह भी बताया कि जिस प्रदर्शनकारी संगठन का जिक्र किया जा रहा है, उसमें महात्मा गांधी के वंशज समेत कई लोग शामिल थे। उन्होंने भरोसा दिया कि इमरान भविष्य में किसी भी विरोध प्रदर्शन में शामिल नहीं होंगे।

कोर्ट ने भारतीय नागरिकता पर भी पूछा सवाल

अदालत ने कहा कि इमरान खान ओसीआई कार्ड धारक हैं और भारतीय नागरिक की तरह व्यवहार नहीं कर सकते। पीठ ने एसआईआर के मुद्दे पर उनकी भूमिका और विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के अधिकार पर भी सवाल उठाए। अदालत ने पूछा कि जब अभिनेता बचपन से भारत में रह रहे हैं और बॉलीवुड में काम कर चुके हैं, तो भारतीय नागरिकता क्यों नहीं स्वीकार कर लेते? इस पर वकील ने कहा कि वह अपने मुवक्किल से बात करके जवाब देंगे। अदालत ने इमरान को भविष्य में प्रदर्शन में शामिल नहीं होने की लिखित अंडरटेकिंग देने का निर्देश दिया।

ये भी पढ़ें: इजरायल चुनाव में बहुमत गंवाने के बाद नेतन्याहू की मुश्किलें बढ़ीं, दो संदिग्धों को मिली रिहाई