Gujarat: गुजरात के अहमदाबाद जिले में एक पिता पर अपने 10 साल के बेटे की मंदिर में हत्या करने का आरोप लगा है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी नहीं चाहता था कि उसका बेटा भी उसकी तरह 'भुवा' यानी कथित तौर पर झाड़-फूंक और धार्मिक अनुष्ठानों के जरिए लोगों का इलाज करने वाला बने. पुलिस ने 36 वर्षीय आरोपी नरेश को गिरफ्तार कर लिया है.
देवी की वेदी पर तीन बार पटका, फिर डंडे से मारा
नरेश अहमदाबाद जिले के विंछिया गांव का रहने वाला है. उसकी पत्नी भारती पटेल ने पुलिस को बताया कि रविवार को वह घर पहुंची तो नरेश बेटे करण के शव के पास चारपाई पर सो रहा था. भारती के मुताबिक, नरेश ने उसे बताया कि उसने करण को पैरों से पकड़कर घर के आंगन में बने मंदिर में माता की वेदी पर तीन बार पटका. इसके बाद सिर पर डंडे से वार कर उसकी हत्या कर दी और शव को चारपाई पर रखकर उसके पास सो गया.
भारती करीब 10 दिन पहले पति की पिटाई के बाद साणंद स्थित अपने मायके चली गई थी. परीक्षा के कारण करण पिता के पास ही रुक गया था. 1 नवंबर को भारती को सूचना मिली कि नरेश ने बेटे को बुरी तरह पीटा है. एक पड़ोसी ने भी पुलिस को फोन किया. अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी बेटे के शव के बगल में सोता मिला. मंदिर में जोगणी माता की वेदी पर बच्चे के खून के निशान भी मिले.
पिता ने बताई हत्या की वजह
FIR के मुताबिक, भारती ने जब नरेश से हत्या की वजह पूछी तो उसने कहा कि उसके पिता भुवा थे और उसने भी वही भूमिका अपनाई थी. वह नहीं चाहता था कि परिवार में कोई दूसरा व्यक्ति भुवा बने, इसलिए उसने करण की हत्या कर दी.
साणंद पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर जेएल चौहान ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, नरेश मानसिक रूप से अस्थिर लग रहा है और उसका मनोवैज्ञानिक परीक्षण कराया जाएगा. पड़ोसियों ने भी बताया कि उसके इलाके में किसी से अच्छे संबंध नहीं थे. गुजरात में तर्कवादी संगठन गांवों में जाकर ऐसे अंधविश्वासों के खिलाफ जागरूकता फैलाते हैं, जिनका इस्तेमाल ग्रामीणों के शोषण के लिए किया जाता है.
ये भी पढ़े: ऋषभ पंत को लगा झटका, न्यूजीलैंड दौरे से पहले फिटनेस टेस्ट में हुए फेल

