Saturday, Sep 12

होम = Cover Story Featured = गुजरात में एक साल में 62 एशियाई शेर और शावकों की बीमारी से मौत

गुजरात में एक साल में 62 एशियाई शेर और शावकों की बीमारी से मौत

Gujarat: गुजरात विधानसभा में सरकार ने बताया कि 31 जुलाई 2026 तक एक साल में 62 एशियाई शेर, शेरनियां और शावक विभिन्न बीमारियों से मारे गए। 2025 की गणना में राज्य में 891 एशियाई शेर पाए गए थे।

62 शेरों की बीमारियों से मौत

गुजरात विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे और अंतिम दिन शुक्रवार को वन एवं पर्यावरण मंत्री अर्जुन मोढवाडिया ने यह जानकारी दी। कांग्रेस विधायक शैलेश परमार के सवाल के लिखित जवाब में उन्होंने बताया कि मृतकों में 17 शेर, 17 शेरनियां और 28 शावक शामिल हैं। मौतों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की गई।

इनमें सेप्टीसीमिया, निमोनिया, हेमोरेजिक निमोनिया, एनीमिया, हेपाटो-रीनल डिसफंक्शन या किडनी फेलियर, मल्टी-ऑर्गन डिसफंक्शन/फेलियर, मायोकार्डियल इंफार्क्शन और पैरालिसिस जैसी बीमारियां प्रमुख थीं। इसके अलावा गठिया, गैस्ट्रोएंटेराइटिस, राउंडवर्म संक्रमण, एन्सेफलाइटिस, केंद्रीय तंत्रिका तंत्र संबंधी विकार, एसाइटिस, ब्रोंकोनिमोनिया, गंभीर बीमारी और सेप्टिक शॉक समेत अन्य कारण भी सामने आए।

संक्रमण रोकने के लिए उठाए जा रहे कदम

सरकार के अनुसार शेरों में संक्रमण रोकने के लिए वन विभाग नियमित रूप से डीवॉर्मिंग और टिक रिमूवल करता है। अभयारण्यों, सेटलमेंट गांवों और आसपास के राजस्व गांवों में पशुओं का टीकाकरण भी किया जाता है, ताकि वन्यजीवों में बीमारियां फैलने का खतरा घटे। शेरों के ब्लड सैंपल लेकर प्रयोगशालाओं में जांच भी कराई जाती है। सरकार ने संरक्षण के तहत आवास प्रबंधन, पर्याप्त व स्वस्थ भोजन और पशु चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था की है। रेस्क्यू सेंटरों में घायल और बीमार वन्यजीवों के इलाज के लिए मेडिकल सुविधाएं बनाई गई हैं। समय पर उपचार और बचाव के लिए 'लायन एंबुलेंस' भी संचालित है।

कई जगह बनाए गए उपचार केंद्र

शेरों की निगरानी के लिए उनके विचरण वाले इलाकों में 'वाइल्डलाइफ फ्रेंड्स', रैपिड एक्शन टीमें और रेस्क्यू टीम तैनात हैं। वन अधिकारी और ट्रैकर नियमित रूप से शेरों की गतिविधियों और स्वास्थ्य पर नजर रखते हैं। Sasan, Jamwala, Jasadhar, Junagadh के Sakkarbaug Zoo, Saat Virda, Krankach, Babarkot और Zanzarda में वन्यजीव उपचार केंद्र बनाए गए हैं। 2025 की नवीनतम शेर गणना के मुताबिक गुजरात में 891 एशियाई शेर हैं।

ये भी पढ़े: 35 की उम्र में 1.5 इंच बढ़ी हाइट? फिटनेस कोच के दावे के पीछे क्या है विज्ञान