Thursday, Sep 24

होम = क्राइम = गुरुग्राम हिट एंड रन: कल्याण बैंसला आया सामने, लेडी बाइकर सिया पर ही लगाए आरोप

गुरुग्राम हिट एंड रन: कल्याण बैंसला आया सामने, लेडी बाइकर सिया पर ही लगाए आरोप

Gurugram: गुरुग्राम के चर्चित हिट एंड रन मामले में आरोपी कार चालक कल्याण बैंसला ने आजतक से बातचीत में घटना को लेकर अपना पक्ष रखा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो क्लिप को अधूरा बताते हुए कहा कि केवल छोटी क्लिप दिखाने के बजाय पूरी घटना की रिकॉर्डिंग सामने आनी चाहिए।

बाइक सवारों को लेकर क्या बोले कल्याण?

कल्याण के मुताबिक, हादसे के वक्त वह दिल्ली से गोल्फ कोर्स रोड की तरफ आ रहे थे। कार में उनकी बहन और उम्र में उनसे बड़े उनकी बुआ के बेटे भी मौजूद थे। उनका दावा है कि गोल्फ कोर्स रोड पर कई बाइक राइडर उनकी कार के आसपास बेतरतीब ढंग से चल रहे थे। कभी बाइक कार के आगे आ जाती तो कभी पीछे। उन्होंने कहा कि करीब 10 मिनट तक उन्हें इससे परेशानी हुई।

कल्याण ने बताया कि उन्होंने कार से हाथ बाहर निकालकर एक बाइक सवार को इशारा किया और धीरे व सावधानी से बाइक चलाने को कहा। उन्होंने यह भी कहा कि वह खुद बाइक राइडर हैं और बाइक चलाना पसंद करते हैं, लेकिन बाइक सवारों के बार-बार कार के आगे-पीछे आने से वह परेशान हो गए थे।

'बाइक को ओवरटेक करने की कोशिश में हुई टक्कर'

कल्याण के अनुसार, इसके बाद उन्होंने बाइक सवारों से आगे निकलने के लिए कार की रफ्तार बढ़ाई, क्योंकि उन्हें आगे मुड़ना भी था। इसी दौरान एक बाइक कार की साइड से टकरा गई। उन्होंने कार और बाइक के बीच टक्कर होने की बात स्वीकार की, लेकिन दावा किया कि किसी को टक्कर मारना उनका इरादा नहीं था।

उनका कहना है कि हादसे के बाद वह रेड लाइट पर रुके भी थे, लेकिन कार में मौजूद उनके बड़े भाई ने मारपीट की आशंका जताते हुए वहां से निकलने की सलाह दी। इसके बाद वे कार लेकर चले गए। बाद में उन्हें पता चला कि टक्कर वाली बाइक एक महिला चला रही थी। कल्याण ने इस पर अफसोस जताते हुए कहा कि किसी को नुकसान पहुंचाना उनका उद्देश्य नहीं था और यह दुर्घटना थी।

वायरल वीडियो पर उठाए सवाल

कल्याण ने कहा कि सोशल मीडिया और मीडिया में दिखाई जा रही वीडियो पूरी घटना नहीं दिखाती। उनके मुताबिक पूरी फुटेज सामने आने से टक्कर से पहले सड़क पर हुई घटनाएं और बाइक सवारों की गतिविधियां स्पष्ट होंगी। उन्होंने कहा कि अधूरी क्लिप के आधार पर उन्हें अपराधी की तरह पेश किए जाने पर उन्हें आपत्ति है। उन्होंने दावा किया कि वह पुलिस के एक DSP से भी बात कर चुके हैं और अपना पक्ष बता चुके हैं। इसके बावजूद उन्हें बड़े अपराधी की तरह दिखाया जा रहा है।

'आज तक मेरे खिलाफ कोई केस नहीं'

कल्याण ने अपने बारे में बताते हुए दावा किया कि उनके खिलाफ अब तक कोई पुलिस मुकदमा दर्ज नहीं है। उन्होंने कहा कि वह एक सभ्य परिवार से आते हैं, जिम चलाते हैं और बच्चों को ट्रेनिंग देते हैं। वह खुद नेशनल लेवल के कबड्डी खिलाड़ी रह चुके हैं। कल्याण ने दोहराया कि कार-बाइक की टक्कर हुई, लेकिन वह जानबूझकर नहीं थी। उनका कहना है कि पूरी वीडियो सामने आने पर घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट होंगी।

ये भी पढ़े: TMC के 20 बागी सांसदों में 17 BJP में जाएंगे? जगदीश बसुनिया के दावे से सियासी हलचल