Thursday, Sep 24

होम = Cover Story Top = TMC के 20 बागी सांसदों में 17 BJP में जाएंगे? जगदीश बसुनिया के दावे से सियासी हलचल

TMC के 20 बागी सांसदों में 17 BJP में जाएंगे? जगदीश बसुनिया के दावे से सियासी हलचल

West Benagl: पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर TMC के बागी सांसदों को लेकर हलचल तेज हो गई है। कूचबिहार से सांसद और बागी तृणमूल नेता जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया ने सोमवार को दावा किया कि NCPI के साथ जुड़े 20 लोकसभा सांसदों में से 17 दुर्गा पूजा से पहले या बाद BJP में शामिल हो जाएंगे। हालांकि, साथी बागी सांसदों ने तुरंत इस दावे को खारिज कर दिया। BJP ने भी इससे दूरी बना ली।

बसुनिया ने क्या कहा?

बसुनिया के मुताबिक, 17 सांसदों ने सामूहिक रूप से BJP में जाने का फैसला किया है। उनका दावा है कि 20 में से दो-तिहाई से अधिक सांसदों के एक साथ पाला बदलने पर दल-बदल कानून लागू नहीं होगा

TMC के 27 लोकसभा सांसदों में से 20 ने इस साल मई में विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद 14 जून को NCPI में विलय और BJP-led NDA को समर्थन देने का ऐलान किया था। बसुनिया ने कहा कि पहले सीधे BJP में जाने की योजना थी, लेकिन तीन अल्पसंख्यक सांसदों की अनिच्छा के बाद NCPI का रास्ता चुना गया।

20 सांसदों पर चल रही अयोग्यता की कार्रवाई

TMC प्रमुख ममता बनर्जी ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के समक्ष 20 सांसदों को अयोग्य ठहराने की मांग रखी है और सुप्रीम कोर्ट का भी रुख किया है। अभिषेक बनर्जी ने भी दल-बदल कानून से जुड़ी अपनी याचिका पर जल्द सुनवाई की मांग की है। लोकसभा रिकॉर्ड में अभी भी ये 20 सांसद TMC सदस्य हैं और NCPI के अलग संसदीय समूह के तौर पर उनकी मान्यता पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है। बागी खेमे का कहना है कि उनका विलय वैध है और दो-तिहाई प्रावधान लागू होता है। 20 सांसदों के लिए यह आंकड़ा 14 है।

लोकसभा सचिवालय ने 26 अगस्त को सांसदों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। तीन सप्ताह की अतिरिक्त मोहलत मिलने के बाद अब जवाब की समयसीमा 22 सितंबर है। सुप्रीम कोर्ट ने भी 20 सांसदों को नोटिस जारी किया है।

बागी सांसदों ने ही दावे को नकारा

सांसद शताब्दी रॉय ने कहा कि बसुनिया ने अपनी व्यक्तिगत राय रखी है और समूह ने ऐसा कोई फैसला नहीं किया। अबू ताहेर खान ने भी कहा कि बसुनिया को सभी सांसदों की ओर से बोलने का अधिकार नहीं है।

ताहेर ने खुद, जंगीपुर के सांसद खलीलुर रहमान और बहरामपुर के सांसद यूसुफ पठान के BJP या NDA में जाने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि तीनों BJP में नहीं जाएंगे और NDA में भी शामिल नहीं होंगे। हालांकि, प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री विकास संबंधी बैठक में बुलाएं तो वे उसमें शामिल हो सकते हैं, लेकिन BJP/NDA की बैठकों का हिस्सा नहीं बनेंगे। बसुनिया ने दावा किया था कि अल्पसंख्यक समुदाय से होने के कारण ये तीनों औपचारिक रूप से BJP में नहीं जाएंगे, लेकिन बाहर से NDA को समर्थन देकर अहम जिम्मेदारियां या मंत्रालय पा सकते हैं।

BJP ने भी किया दावे से किनारा

पश्चिम बंगाल BJP प्रवक्ता देबजीत सरकार ने कहा कि पार्टी को ऐसी किसी योजना की जानकारी नहीं है। प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा कि केवल BJP में शामिल होने की इच्छा जताने से किसी को पार्टी में जगह नहीं मिल जाती। उन्होंने कहा कि उनकी जानकारी में TMC या NCPI से कोई BJP में शामिल नहीं हो रहा। इस बीच बसुनिया और उनकी पत्नी, TMC विधायक संगीता रॉय, के सिताई स्थित पैतृक घर लौटने पर विरोध प्रदर्शन हुआ। उनके घर के पास TMC कार्यालय में आग लगाए जाने का भी आरोप है। बसुनिया लगातार खुद को TMC से अलग और NDA के साथ बता रहे हैं। फिलहाल 17 सांसदों के BJP में जाने का दावा विवादों में है और इस पूरे मामले पर स्पीकर व सुप्रीम कोर्ट के स्तर पर भी प्रक्रिया जारी है।

ये भी पढ़े: NEET-UG में बड़ा बदलाव! OMR की जगह अब कंप्यूटर पर होगी परीक्षा, AI से होगी निगरानी