Assam: असम के गुवाहाटी में रंगिया रेलवे स्टेशन के पास एक होटल में 23 वर्षीय मलानी गुरिया की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में उसके 22 वर्षीय बॉयफ्रेंड अभिजीत किंडू को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी ने खुद फोन कर वारदात की सूचना दी थी।
चेन्नई से दोस्तों के साथ आई थी मलानी
मलानी सोनितपुर जिले के हुगराजूली गांव की रहने वाली थी, जबकि अभिजीत उदलगुरी जिले के रोवता का निवासी है। पुलिस के मुताबिक, मलानी शनिवार रात चेन्नई से असम पहुंची थी। उसके साथ दो दोस्त भी थीं। तीनों रंगिया रेलवे स्टेशन पहुंचीं, जहां अभिजीत उन्हें लेने आया। इसके बाद सभी एक ही होटल में ठहरे, लेकिन तीनों लड़कियां अलग-अलग कमरों में रुकीं।
जांच के मुताबिक, बाद में अभिजीत मलानी को अपने कमरे में ले गया। कुछ समय साथ रहने के बाद कमरे में उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस को रिश्ते में तनाव हत्या की संभावित वजह लग रही है, लेकिन कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
दोस्तों से कहा- तुम दोनों चली जाओ
मलानी की दोनों दोस्तों ने पुलिस को बताया कि वे होटल से निकलने की तैयारी कर रही थीं। उन्होंने मलानी को फोन किया तो उसने दोनों से चले जाने और बाद में साथ आने की बात कही। दोनों ने बताया कि मलानी और अभिजीत चेन्नई में साथ काम करते थे। पुलिस के अनुसार, अभिजीत ने कथित तौर पर हत्या के बाद खुदकुशी की कोशिश भी की, लेकिन सफल नहीं हुआ।
फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम
कामरूप के SSP सुभाषीष बरुआ ने बताया कि रंगिया थाने में BNS की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपी गिरफ्तार है और जांच जारी है। पुलिस दोनों के रिश्ते, कथित तनाव, घटना से पहले की बातचीत और होटल में आवाजाही की जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने होटल पहुंचकर जांच की और फॉरेंसिक टीम ने कमरे से सबूत जुटाए। मलानी का शव गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की परिस्थितियां स्पष्ट होने में मदद मिल सकती है। पुलिस ने कहा कि फिलहाल रिश्ते में तनाव को संभावित वजह माना जा रहा है, जिसकी आधिकारिक पुष्टि बाकी है।

