Faridabad: फरीदाबाद के सूरजकुंड थाना क्षेत्र स्थित शिव दुर्गा विहार, लक्कड़पुर में 21 जून को 3 वर्षीय आदित्य की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके सौतेले पिता सुशांत को गिरफ्तार किया है। एसीपी क्राइम वरुण दहिया के अनुसार, बच्चे के नाना श्रीराम की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
रैपीडो राइड से शुरू हुई थी प्रेम कहानी
जांच में पता चला कि आदित्य की मां सुधा तिवारी के पहले पति का निधन हो चुका था। करीब डेढ़ साल पहले रैपीडो बाइक टैक्सी चलाने वाले सुशांत से उनकी मुलाकात हुई। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और लगभग एक साल पहले उन्होंने प्रेम विवाह कर लिया। आदित्य, जो सुधा के पहले पति का बेटा था, अपनी नानी के घर रहता था।
बेटे को पसंद नहीं करता था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, सुशांत को आदित्य पसंद नहीं था और वह नहीं चाहता था कि उसकी पत्नी बच्चे के साथ समय बिताए। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।
21 जून को दिया वारदात को अंजाम
जांच में सामने आया कि घटना से एक दिन पहले सुशांत ससुराल पहुंचा था। 21 जून की सुबह जब आदित्य कमरे में अकेला था, तब आरोपी ने धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया। बाद में उसने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन पूछताछ के दौरान उसके बयानों में विरोधाभास मिले। सख्ती से पूछताछ करने पर वह टूट गया और हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि पत्नी के पहले पति से हुए बेटे को नापसंद करने के कारण उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
ये भी पढ़े: फूड पैकेट पर लिखे ‘100%’ के दावे कितने सच? ब्लड शुगर पर पड़ सकता है असर

