Monday, Nov 09

होम = Breaking = छोटे लक्ष्य के सामने लड़खड़ाई टीम इंडिया, बारिश के बीच DLS से मिली जीत

छोटे लक्ष्य के सामने लड़खड़ाई टीम इंडिया, बारिश के बीच DLS से मिली जीत

India vs New Zealand 2nd ODI: न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में टीम इंडिया की नैया डूबती नजर आ रही थी, लेकिन तभी बारिश ने ऐसा दखल दिया कि हारी हुई बाजी भारत के नाम हो गई। 135 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 113 रन पर 7 विकेट गंवा दिए थे। तभी बारिश शुरू हुई और डीएलएस नियम के तहत भारत को 4 रन से विजेता घोषित कर दिया गया।

बारिश से पहले ही न्यूजीलैंड ढेर

पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भी भारतीय गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई। बारिश के कारण मुकाबला 47-47 ओवर का कर दिया गया था, लेकिन मेजबान टीम 41 ओवर में 134 रन पर ही सिमट गई। डेरिल मिचेल ने 55 और कप्तान मिचेल सेंटनर ने 31 रन बनाए। भारत की ओर से गुरनूर बरार ने सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके, जबकि आकिब नबी, अंशुल कंबोज और अक्षर पटेल को 2-2 सफलताएं मिलीं।

राहुल ने संभाली लड़खड़ाती पारी

135 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तान शुभमन गिल (0), रोहित शर्मा (23) और विराट कोहली (7) बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। महज 47 रन पर चार विकेट गिरने से भारत मुश्किल में फंस गया। इसके बाद केएल राहुल और श्रेयस अय्यर ने पांचवें विकेट के लिए 43 गेंदों में 39 रन जोड़कर पारी को संभालने की कोशिश की। अय्यर ने 46 गेंदों में 30 रन बनाए। वह 86 रन के स्कोर पर पांचवें बल्लेबाज के रूप में आउट हुए।

जीत से 22 रन दूर था भारत

इसके बाद राहुल ने नमन धीर के साथ छठे विकेट के लिए 28 गेंदों में 22 रन जोड़े। नमन 12 रन बनाकर 108 के स्कोर पर आउट हुए। इसके बाद अंशुल कंबोज भी एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए। सात विकेट गिरने के बाद आकिब नबी क्रीज पर आए और राहुल के साथ मिलकर स्कोर 113 रन तक पहुंचाया। तभी बारिश ने मैच रोक दिया। दोबारा खेल शुरू नहीं हो सका और डीएलएस नियम के तहत भारत को 4 रन से विजेता घोषित कर दिया गया। न्यूजीलैंड की ओर से काइल जेमिसन और जैकब डफी ने 3-3 विकेट लिए, जबकि मैथ्यू फिशर को एक सफलता मिली।

ये भी पढ़ें: डॉलर के मुकाबले रुपये में बड़ी उछाल, 12 अक्टूबर के बाद सबसे शानदार तेजी