Indian Rupee vs US Dollar: डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये ने इस हफ्ते शानदार वापसी की है। विदेशी निवेशकों की घरेलू शेयर बाजार में वापसी और कच्चे तेल की कीमतों में करीब 20 फीसदी की गिरावट से रुपये को मजबूती मिली। शुक्रवार को रुपया 56 पैसे उछलकर 93.91 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। यह 12 अक्टूबर के बाद एक दिन में आई सबसे बड़ी तेजी है। हालांकि, आरबीआई की डॉलर खरीदारी के चलते रुपये की बढ़त कुछ सीमित रही।
छह महीने के उच्च स्तर पर पहुंचा रुपया
शुक्रवार के कारोबार के दौरान रुपया छह महीने के उच्च स्तर पर पहुंच गया। इससे सप्ताह के दौरान भारतीय मुद्रा की बढ़त करीब 1.2 प्रतिशत हो गई और यह एशिया की बेहतर प्रदर्शन करने वाली मुद्राओं में शामिल रही। डीलरों के मुताबिक, विदेशी बैंकों ने विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) की ओर से डॉलर की बिकवाली की, जिससे रुपये को और मजबूती मिली। हालांकि, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 93.88 के स्तर के आसपास डॉलर की खरीदारी की, जिससे रुपये की बढ़त कुछ सीमित हो गई।
एशिया में सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाली मुद्रा बना रुपया
शुक्रवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 0.6 प्रतिशत मजबूत होकर दिन का सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाली एशियाई मुद्रा रहा। इसने क्षेत्र की दूसरी प्रमुख मुद्राओं से बेहतर प्रदर्शन किया। हालांकि, साल की शुरुआत से अब तक रुपये में 4.3 प्रतिशत और पिछले एक साल में 5.6 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, चालू वित्त वर्ष में अब तक भारतीय मुद्रा 0.96 प्रतिशत मजबूत हुई है।
विदेशी निवेश और सस्ते तेल से रुपये को मजबूती
कई महीनों तक बिकवाली करने के बाद विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में वापसी की है। रॉयटर्स के मुताबिक, इस हफ्ते उन्होंने करीब 3 अरब डॉलर के भारतीय शेयर खरीदे, जिसमें गुरुवार की 1.6 अरब डॉलर की खरीदारी भी शामिल है। टेक शेयरों के महंगे मूल्यांकन और AI निवेश पर चिंता के चलते निवेशक फिर भारतीय बाजार की ओर रुख कर रहे हैं। वहीं, ईरान विवाद के समाधान की उम्मीदों से ब्रेंट क्रूड करीब 20 फीसदी सस्ता हुआ है। इससे भारत का आयात बिल और डॉलर की मांग घटने की उम्मीद है, जो रुपये को मजबूती दे रहा है।
ये भी पढ़ें: अमेरिकी मिडटर्म चुनावों का असर, सोना-चांदी की कीमतों में आई गिरावट

