India Iran Khamenei Funeral: ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह सैय्यद अली खामेनेई के राजकीय अंतिम संस्कार और दफन समारोह में भारत की ओर से विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा और बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन शामिल होंगे।
ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को औपचारिक रूप से अंतिम संस्कार में शामिल होने का निमंत्रण दिया था। हालांकि, प्रधानमंत्री पहले से तय इंडोनेशिया, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया की विदेश यात्रा पर रहेंगे, इसलिए वे समारोह में शामिल नहीं हो पाएंगे।
मार्च से टला था अंतिम संस्कार
खामेनेई की 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हवाई हमले में मौत हो गई थी। उनके अंतिम संस्कार की रस्में पहले मार्च में प्रस्तावित थीं, लेकिन क्षेत्रीय संघर्ष के कारण उन्हें स्थगित कर दिया गया। अब ये समारोह जुलाई में ईरान के विभिन्न शहरों में कई दिनों तक आयोजित किए जाएंगे।
4 जुलाई से शुरू होंगे समारोह
राजकीय अंतिम संस्कार 4 जुलाई से शुरू होगा। इस दौरान खामेनेई के पार्थिव शरीर को तेहरान के ग्रैंड मोसल्ला कॉम्प्लेक्स में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। तेहरान और क़ोम में सार्वजनिक अंतिम यात्रा निकाली जाएगी, जबकि इराक के पवित्र शहर नजफ और कर्बला में विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित होंगी।
अंतिम दफन समारोह 9 जुलाई को खामेनेई के पैतृक शहर मशहद स्थित इमाम रज़ा दरगाह में होगा। प्रधानमंत्री की पूर्व निर्धारित विदेश यात्रा के कारण भारत का प्रतिनिधिमंडल उनकी ओर से इन समारोहों में शामिल होगा।
ये भी पढ़े: कौन-से पर्यावरणीय टॉक्सिन हैं सबसे खतरनाक? हार्ट सर्जन ने दी रिस्क रेटिंग

