India-Uzbekistan Partnership: भारत और उज्बेकिस्तान ने रविवार को अपने रिश्तों को Comprehensive Strategic Partnership तक पहुंचाने का फैसला किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उज्बेक राष्ट्रपति शवकत मिर्जियोयेव की वार्ता के बाद यह घोषणा हुई। दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी की 15वीं वर्षगांठ के मौके पर हुए इस फैसले के साथ रक्षा, व्यापार, ऊर्जा और कनेक्टिविटी में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी। दोनों देश भारत को लंबे समय तक यूरेनियम की आपूर्ति की व्यवस्था बनाने पर भी काम करेंगे।
रिश्तों की निगरानी के लिए नया तंत्र
दोनों देशों के विदेश मंत्रियों की अगुवाई में एक Coordination Council बनाया जाएगा। मौजूदा संयुक्त आयोग को भी सचिव स्तर से बढ़ाकर मंत्री स्तर का किया जाएगा। मोदी ने उज्बेकिस्तान को मध्य एशिया के केंद्र में स्थित और भारत की क्षेत्रीय नीति के लिए महत्वपूर्ण बताया।
रक्षा और आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस
भारत और उज्बेकिस्तान रक्षा उद्योगों के बीच सीधे संपर्क, सह-उत्पादन और सह-विकास को बढ़ावा देंगे। दोनों देश आतंकवाद, चरमपंथ और अलगाववाद को क्षेत्रीय स्थिरता के लिए बड़ी चुनौती मानते हैं और इनके खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कायम हैं।
2030 तक व्यापार 5 अरब डॉलर का लक्ष्य
द्विपक्षीय व्यापार 1 अरब डॉलर पार कर चुका है। अब 2030 तक इसे 5 अरब डॉलर करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए बाजार पहुंच, कनेक्टिविटी, बैंकिंग और भुगतान व्यवस्था बेहतर करने के साथ संयुक्त बिजनेस समिट आयोजित किया जाएगा। डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, AI, महत्वपूर्ण खनिज, अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा में भी सहयोग बढ़ेगा। ऊर्जा क्षेत्र में भारत के लिए दीर्घकालिक यूरेनियम आपूर्ति व्यवस्था बनाने पर काम चल रहा है। भारत नागरिक परमाणु ऊर्जा उत्पादन के लिए उज्बेकिस्तान से यूरेनियम आयात की संभावनाएं तलाश रहा है। मोदी की दो दिवसीय यात्रा में स्वच्छ ऊर्जा भी प्रमुख मुद्दा रही।
दिल्ली-ताशकंद से आगे बढ़ेंगे रिश्ते
मोदी ने कहा कि साझेदारी केवल नई दिल्ली और ताशकंद तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। दोनों देश शहरों और राज्यों के बीच साझेदारी बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं, नवाचार, समावेशी विकास और आधुनिक तकनीक के लक्ष्य 'न्यू उज्बेकिस्तान' और 'विकसित भारत 2047' में समान हैं।
मोदी को मिला उज्बेकिस्तान का सर्वोच्च सम्मान
राष्ट्रपति मिर्जियोयेव ने मोदी को उज्बेकिस्तान के सर्वोच्च राजकीय सम्मान 'Oliy Darajali Dustlik' से सम्मानित किया। यह मोदी का 36वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है। मोदी ने इसे भारत-उज्बेकिस्तान मित्रता और 140 करोड़ भारतीयों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि 'Dostlik' का अर्थ दोस्ती है और यह दोनों देशों के रिश्तों की भावना को दर्शाता है।
ये भी पढ़े: आगरा ट्रेन हत्याकांड: महिला के टुकड़े कर सूटकेस में रखे, 24 दिन बाद पति-पत्नी मणिपुर से गिरफ्तार

