Monday, Nov 09

होम = खेल = क्रिकेट = IPL में रिटेंशन के लिए 40 करोड़ की डिमांड, दो स्टार खिलाड़ियों ने फ्रेंचाइजी को दिया अल्टीमेटम

IPL में रिटेंशन के लिए 40 करोड़ की डिमांड, दो स्टार खिलाड़ियों ने फ्रेंचाइजी को दिया अल्टीमेटम

IPL 2028 Mega Auction Retention: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खिलाड़ियों की कीमत को लेकर नया विवाद खड़ा हो सकता है। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, कम से कम दो बड़े खिलाड़ियों ने अपनी फ्रेंचाइजी के सामने साफ कर दिया है कि वे 2028 मेगा ऑक्शन से पहले रिटेन होने के लिए 40 करोड़ रुपये चाहते हैं। इनमें से एक खिलाड़ी ने इस रकम के साथ टीम की कप्तानी की शर्त भी रखी है। ऐसे में फ्रेंचाइजी के सामने सवाल है कि क्या एक खिलाड़ी पर इतना बड़ा बजट खर्च करना सही फैसला होगा?

17 नवंबर तक देनी होगी रिटेंशन की जानकारी

खिलाड़ियों की यह मांग IPL 2027 के रिटेंशन की समयसीमा से पहले सामने आई है। सभी फ्रेंचाइजी को 17 नवंबर 2026 तक अपने रिटेन किए जाने वाले खिलाड़ियों की सूची देनी है। इसके बाद 16 दिसंबर को गोवा में मिनी ऑक्शन आयोजित होगा। IPL 2027 के बाद 2028 सीजन के लिए मेगा ऑक्शन होना है। इसी को देखते हुए खिलाड़ी पहले से अपनी कीमत तय कराने की कोशिश में हैं।

पंत और श्रेयस को मिल चुकी है बड़ी रकम

40 करोड़ रुपये की मांग के पीछे IPL 2025 मेगा ऑक्शन में हुई महंगी खरीदारी भी बड़ी वजह है। उस दौरान ऋषभ पंत ने रिटेंशन के बजाय नीलामी में उतरने का फैसला किया था। लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन्हें 27 करोड़ रुपये में खरीदा। वहीं, पंजाब किंग्स ने श्रेयस अय्यर पर 26.75 करोड़ रुपये खर्च किए।

विदेशी खिलाड़ियों में हेनरिक क्लासेन 23 करोड़ रुपये और निकोलस पूरन 21 करोड़ रुपये में रिटेन हुए थे। इन सौदों के बाद शीर्ष खिलाड़ियों की कीमत को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं।

150 करोड़ तक पहुंच सकता है टीमों का बजट

IPL 2025 मेगा ऑक्शन में प्रत्येक फ्रेंचाइजी के पास 120 करोड़ रुपये का पर्स था, जो 2027 के लिए बढ़कर 130 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं, 2028 मेगा ऑक्शन में इसके करीब 150 करोड़ रुपये होने का अनुमान है। हालांकि, BCCI ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

यदि किसी खिलाड़ी को 40 करोड़ रुपये में रिटेन किया जाता है, तो संभावित 150 करोड़ के बजट का 26 फीसदी से ज्यादा हिस्सा उसी पर खर्च होगा। इससे बाकी खिलाड़ियों को खरीदने के लिए टीमों के पास कम पैसा बचेगा।

पिछले मेगा ऑक्शन से पहले BCCI ने रिटेंशन के लिए 11 करोड़, 14 करोड़ और 18 करोड़ रुपये के स्लैब तय किए थे। पांच खिलाड़ियों को रिटेन करने पर फ्रेंचाइजी के पर्स से कम से कम 75 करोड़ रुपये कटते थे। यदि खिलाड़ियों की वास्तविक कुल कीमत इससे अधिक होती, तो उतनी ही रकम काटी जाती थी।

ये भी पढ़े: अयोध्या में दीपोत्सव का भव्य नजारा, 56 घाटों पर जगमगाएंगे 30 लाख दीये