Jaipur Rajapark Attack: जयपुर के राजापार्क इलाके में सोमवार देर रात शराब के नशे में धुत कार सवार बदमाशों ने बीच बाजार जमकर उत्पात मचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार कार में पहुंचे युवकों ने पहले एक जूस सेंटर में घुसकर किसी बात को लेकर दुकान मालिक वैभव पर डंडों से हमला कर दिया। उनके सिर पर कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके सिर पर 12 टांके लगाए।
फरार होते समय लोगों को मारी टक्कर, राहगीरों पर भी हमला
वारदात के बाद आरोपी कार से भागने लगे। इस दौरान उन्होंने राजापार्क निवासी कुणाल भाटिया और दुकानदार समीर को टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए। कुणाल भाटिया के सिर पर गंभीर चोट आई और उन्हें 5 टांके लगाने पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदमाशों की कार अनियंत्रित होकर एक दुकान में जा घुसी। जब स्थानीय लोगों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो आरोपी कार से उतरकर डंडे और लोहे के सरिए लेकर राहगीरों व आसपास मौजूद लोगों पर हमला करने लगे। अचानक हुए हमले से इलाके में भगदड़ मच गई।
CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। पूरी वारदात कैमरों में रिकॉर्ड हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़े: त्रिपुरा के DGP अनुराग धनखड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस मुख्यालय में मिला शव

