Tripura DGP Anurag Dhankar Death: त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक (DGP) और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अनुराग धनखड़ सोमवार को अगरतला स्थित पुलिस मुख्यालय (PHQ) में अपने कार्यालय के भीतर मृत पाए गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह अपने कमरे में फंदे से लटके मिले, जिसके बाद उन्हें तुरंत गोविंद बल्लभ पंत (GBP) अस्पताल ले जाया गया। शुरुआती जांच में मामले को आत्महत्या की आशंका से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
48 मिनट तक चला CPR, डॉक्टरों ने बचाने की पूरी कोशिश की
GBP अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टर प्रदीप भौमिक ने बताया कि अनुराग धनखड़ को दोपहर करीब 12 बजे अस्पताल लाया गया था। जांच के दौरान उनकी नब्ज, ब्लड प्रेशर और अन्य जीवन रक्षक संकेत नहीं मिले। इसके बाद डॉक्टरों ने तुरंत इमरजेंसी यूनिट में कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (CPR) शुरू किया। विशेषज्ञों की टीम ने करीब 48 मिनट तक लगातार CPR दिया, लेकिन सभी प्रयास विफल रहे। इसके बाद दोपहर 12:48 बजे उन्हें आधिकारिक रूप से मृत घोषित कर दिया गया।
घटनास्थल सील, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और कार्यालय को सील कर दिया गया। पुलिस ने मौत के कारणों की प्राथमिक जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल इस मामले पर न तो त्रिपुरा पुलिस ने कोई आधिकारिक बयान जारी किया है और न ही त्रिपुरा सरकार की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने आई है।
ये भी पढ़े: भारी बारिश और लैंडस्लाइड के खतरे के बीच चारधाम यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित

