होम = State = जौनपुर हत्याकांड का 14 घंटे में खुलासा: चैट विवाद के बाद युवती की हत्या, मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार

जौनपुर हत्याकांड का 14 घंटे में खुलासा: चैट विवाद के बाद युवती की हत्या, मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार

Jaunpur: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में युवती के तीन हिस्सों में मिले शव के मामले का पुलिस ने महज 14 घंटे में खुलासा कर दिया। शव के बाकी हिस्सों को ठिकाने लगाने जा रहे आरोपी की पुलिस से मुठभेड़ हुई, जिसमें उसके पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, मोबाइल चैट को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने युवती की हत्या की थी।

चैट विवाद के बाद की हत्या

रविवार सुबह मड़ियाहूं थाना क्षेत्र के रानीपुर बाईपास के पास काली पन्नी में लिपटा युवती का क्षत-विक्षत शव मिला था। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव का धड़ पोस्टमार्टम के लिए भेजा और इलेक्ट्रॉनिक व अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की पहचान गुजरात के भावनगर निवासी हेमल खखरिया के रूप में हुई, जो फिलहाल मड़ियाहूं कस्बे की टीचर्स कॉलोनी में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, वह 4 जुलाई को युवती को वाराणसी के बाबतपुर से अपने कमरे पर लेकर आया था।

कमरे में मोबाइल चैट देखने के दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ। बाद में स्थिति सामान्य होने के बावजूद आरोपी ने रात में सो रही युवती का चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी।

शव के टुकड़े कर अलग-अलग स्थानों पर फेंका

वारदात के बाद आरोपी ने बाजार से काली पन्नी खरीदी और गड़ासे से शव के कई टुकड़े कर दिए। उसने शव का एक हिस्सा रानीपुर बाईपास के पास और अन्य हिस्से रामनगर ब्लॉक मोड़ के आगे पुलिया के निकट फेंक दिए। जब उसे पता चला कि पुलिस एक हिस्सा बरामद कर पहचान में जुटी है, तो वह घबरा गया और बाकी हिस्सों को छिपाने निकल पड़ा।

इस दौरान पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर रखी थी। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में लगी। घायल आरोपी को हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पूछताछ में उसने हत्या और शव के टुकड़े करने की बात स्वीकार कर ली।

ये भी पढ़े: दिल्ली में बादल हैं, बारिश नहीं! जानिए मॉनसून की रफ्तार क्यों थम गई