JNU Knife Attack: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के बराक छात्रावास में दो छात्रों के बीच शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पांच नवंबर को एक महिला मित्र को लेकर हुए झगड़े में कथित तौर पर चाकू और धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया, जिसमें तीन छात्र घायल हो गए। घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए चार छात्रों को निष्कासित कर दिया और उनके परिसर में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया।
महिला मित्र को लेकर शुरू हुआ विवाद, चार घायल
जेएनयू के सुरक्षा अधिकारी नवीन यादव के मुताबिक, दो छात्रों के बीच एक महिला मित्र को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान एक छात्र ने चाकू निकालकर दूसरे के चेहरे पर हमला कर दिया। हमले में उसकी आंख समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। बताया जा रहा है कि हमलावर छात्र भी घायल हुआ है। विवाद के केंद्र में रही 19 वर्षीय युवती और एक अन्य छात्र को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
हत्या की कोशिश का मामला दर्ज, अभी गिरफ्तारी नहीं
पुलिस ने इस मामले में हत्या की कोशिश का केस दर्ज किया है। एक अधिकारी के मुताबिक, अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, क्योंकि कथित हमलावर भी अस्पताल में भर्ती है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने चीफ प्रॉक्टर कार्यालय को घटना की रिपोर्ट सौंप दी है। पुलिस और जेएनयू प्रशासन के अनुसार, झड़प में चार छात्र घायल हुए हैं। हालांकि, एम्स के बयान में हिंसा में 10 लोगों के शामिल होने का जिक्र है। इससे संकेत मिलता है कि कमरे में शुरू हुआ विवाद बाद में समूहों के बीच झड़प में बदल गया।
AIIMS में चार घायलों का इलाज, दो की सर्जरी
AIIMS की मीडिया सेल इंचार्ज रीमा दादा के मुताबिक, 22 वर्षीय छात्र की दाहिनी आंख, नाक, चेहरे और कंधे पर गंभीर चोटें आईं। उसके कई फ्रैक्चर हुए और सर्जरी करनी पड़ी। 19 वर्षीय युवती के हाथ और बांह पर कट लगे, जिन पर टांके लगाए गए। वहीं, 24 वर्षीय छात्र की कलाई और उंगलियों के टेंडन को नुकसान पहुंचा, उसकी भी सर्जरी हुई। चौथे घायल 39 वर्षीय व्यक्ति के साथ भी 10 लोगों द्वारा मारपीट किए जाने का जिक्र है।
ये भी पढ़ें: दीपोत्सव के मंच से सपा पर बरसे CM योगी, अखिलेश को दी माफी मांगने की नसीहत

