JNU Professor Sexual Harassment Case: मणिपुर से कांग्रेस सांसद और JNU प्रोफेसर ए बिमोल अकोईजाम के खिलाफ यौन उत्पीड़न के मामले में गिरफ्तारी की तलवार लटक रही थी। हालांकि, दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने उन्हें फिलहाल राहत दे दी है। कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को बिना पूर्व नोटिस के उनकी गिरफ्तारी या कोई जबरन कार्रवाई नहीं करने का निर्देश दिया है।
जांच में सहयोग को माना राहत का आधार
कोर्ट ने कहा कि अकोईजाम का पिछला रिकॉर्ड साफ है और वह जांच में सहयोग कर रहे हैं। पीड़ितों के बयान अभी दर्ज नहीं हुए हैं, क्योंकि JNU प्रशासन ने उनके नाम और जानकारी उपलब्ध नहीं कराई है। हालांकि, जांच में सहयोग नहीं करने पर दिल्ली पुलिस जरूरी निर्देशों के लिए कोर्ट का रुख कर सकती है।
11 छात्राओं ने लगाए थे यौन उत्पीड़न के आरोप
अकोईजाम 2024 में इनर मणिपुर लोकसभा सीट से सांसद चुने गए थे। वह JNU के स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज में प्रोफेसर भी हैं। मई में 11 छात्राओं ने उन पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। JNU की आंतरिक शिकायत समिति ने जांच के बाद उन्हें दोषी बताया और 9 अक्टूबर को बर्खास्त कर दिया। हालांकि, दिल्ली हाई कोर्ट ने 2 नवंबर को उनकी बर्खास्तगी पर रोक लगा दी। मामले की अगली सुनवाई जनवरी में होगी।
ये भी पढ़ें: आयुष्मान खुराना-तुषार कपूर को धमकी, 5 करोड़ की वसूली मांगने वाला IT इंजीनियर गिरफ्तार

