Saturday, Nov 14

होम = Breaking = गांधी परिवार पर सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर BJP सांसद कंगना रनौत के खिलाफ FIR दर्ज

गांधी परिवार पर सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर BJP सांसद कंगना रनौत के खिलाफ FIR दर्ज

Kangana Ranaut FIR: हिमाचल प्रदेश के शिमला में बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गांधी परिवार को लेकर सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट के मामले में पुलिस ने उनके खिलाफ FIR दर्ज की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कंगना की टिप्पणियां भड़काऊ हैं और इनसे सार्वजनिक शांति भंग हो सकती है। पुलिस ने 13 नवंबर को यह मामला दर्ज किया।

गांधी परिवार पर पोस्ट को लेकर शिकायत

शिमला निवासी रिटायर्ड कैप्टन अतुल शर्मा की शिकायत पर यह कार्रवाई हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कंगना ने 10 नवंबर को अपने वेरिफाइड सोशल मीडिया अकाउंट से पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और उनके बेटों संजय गांधी व राजीव गांधी की मौत को लेकर भड़काऊ टिप्पणियां की थीं।

शिकायत में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को कथित तौर पर 'रहस्यमयी विदेशी नागरिक' बताए जाने पर भी आपत्ति जताई गई। आरोप है कि पोस्ट में संकेत दिया गया कि गांधी परिवार के सदस्यों की एक-एक कर मौत के बाद सोनिया गांधी सत्ता के शीर्ष पर पहुंच गईं। इसके साथ 'How convenient' टिप्पणी भी की गई। पोस्ट में संजय गांधी की मौत के बाद मेनका गांधी को परिवार के आवास से निकाले जाने का जिक्र भी था।

BNS की तीन धाराओं में केस दर्ज

शर्मा ने आरोप लगाया कि ये पोस्ट राजनीतिक आलोचना से आगे बढ़कर लोगों के बीच दुश्मनी, सामुदायिक तनाव और सार्वजनिक अशांति को बढ़ावा दे सकती हैं। उन्होंने भ्रामक जानकारी फैलाकर डर पैदा करने का भी आरोप लगाया।

शर्मा ने गुरुवार शाम 7:51 बजे ईमेल के जरिए DGP को शिकायत भेजकर FIR और समयबद्ध साइबर फॉरेंसिक जांच की मांग की थी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196(1)(b), 353(2) और 356(2) के तहत मामला दर्ज किया है। शिमला के SP गौरव सिंह ने FIR की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़े: मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर दौड़ती बस बनी आग का गोला, 40 यात्रियों की बची जान