Mathura Yamuna Expressway Bus Fire: उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक चलती बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे के समय बस में 40 यात्री सवार थे। हालांकि, चालक की सतर्कता से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग
जानकारी के मुताबिक, बस दिल्ली से मध्य प्रदेश जा रही थी। शुक्रवार रात करीब 2 बजे राया थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 110 के पास अचानक बस में आग भड़क उठी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
दमकल विभाग ने आग पर पाया काबू
आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए सभी 40 यात्रियों को बस से बाहर निकलवाया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। चालक की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।

