Friday, Sep 25

होम = Cover Story Global = कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सड़क सुखाने के लिए लगे बड़े पंखे, बारिश के बाद धंसे हिस्से की मरम्मत जारी

कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सड़क सुखाने के लिए लगे बड़े पंखे, बारिश के बाद धंसे हिस्से की मरम्मत जारी

Kanpur Lucknow Expressway: भारी बारिश के कारण कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे का एक हिस्सा धंसने के बाद मरम्मत कार्य जारी है। सड़क की नींव में जमा नमी हटाने के लिए क्षतिग्रस्त हिस्से पर हाई-पावर इलेक्ट्रिक पंखे लगाए गए हैं। NHAI के अनुसार, लगातार बारिश से पानी सड़क की परतों के नीचे पहुंच गया, जिससे मिट्टी कमजोर हुई और सड़क धंस गई।

एक कैरिजवे से आवाजाही, यात्रियों की बढ़ी चिंता

मरम्मत के चलते कानपुर और लखनऊ के बीच दोनों दिशाओं का ट्रैफिक फिलहाल एक ही कैरिजवे से डायवर्ट किया गया है। निर्माण कार्य के बीच वाहनों की आवाजाही से सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। कुछ यात्रियों ने आरोप लगाया कि टोल प्लाजा पर शुल्क लेने के बावजूद उन्हें पहले से डायवर्जन की जानकारी नहीं दी गई। कई वाहन चालकों ने गलत दिशा से गुजरने की मजबूरी और दुर्घटना व ट्रैफिक नियम उल्लंघन की आशंका भी जताई।

NHAI की जांच, PNC इंफ्राटेक पर कार्रवाई

यह वही स्थान है जहां एक महीने पहले भी मरम्मत की गई थी। ताजा बारिश के बाद एक्सप्रेसवे के 7 से 8 अन्य स्थानों पर भी सड़क खिसकने की शिकायतें मिली हैं।

NHAI ने मामले की तकनीकी जांच की जिम्मेदारी IIT खड़गपुर को सौंपी है और पूरे पेवमेंट का लेजर प्रोफिलोमीटर सर्वे कराने का आदेश दिया है। निर्माण कंपनी PNC इंफ्राटेक को कथित लापरवाही पर नोटिस जारी किया गया है और उसे 'नॉन-परफॉर्मिंग' घोषित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। करीब 3 करोड़ रुपये की मरम्मत लागत कंपनी ही वहन करेगी। परियोजना की निगरानी करने वाले अधिकारियों को हटाकर दो वर्षों के लिए NHAI और संबंधित मंत्रालय की परियोजनाओं से प्रतिबंधित कर दिया गया है। मरम्मत पूरी होने तक प्रभावित हिस्से पर टोल वसूली भी निलंबित रहेगी और राजस्व का नुकसान रियायतधारी कंपनी से वसूला जाएगा।

ये भी पढ़े: ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक सड़क हादसा: कार की टक्कर से बाइक सवार 2 युवकों की मौत