Kathua: जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में मंगलवार शाम सेवा-2 हाइडल पावर प्रोजेक्ट के CISF कैंप में साथी कर्मी की फायरिंग से चार जवानों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी CISF हेड कांस्टेबल अवधेश सिंह को पकड़ लिया गया है और उससे पुलिस के साथ अन्य एजेंसियां भी पूछताछ कर रही हैं।
जानकारी के अनुसार, ड्यूटी बदलने के दौरान CISF कर्मियों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई। विवाद बढ़ने पर फायरिंग शुरू हो गई, जिसमें चार कर्मी गंभीर रूप से घायल हुए और बाद में सभी ने दम तोड़ दिया।
चार कर्मियों की मौत
मृतकों की पहचान असिस्टेंट कमांडेंट अंकित कुमार पांडेय, सब-इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह, कांस्टेबल संजीव कुमार और कांस्टेबल मोहम्मद रफीक के रूप में हुई है। घटना को एक ही बल के कर्मियों के बीच हुई फायरिंग यानी फ्रैट्रिसाइड के तौर पर देखा जा रहा है।
कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश
कठुआ पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। CISF मुख्यालय ने घटनाक्रम और फायरिंग के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दिए हैं। विवाद की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। CISF DG पूरे मामले और जांच की निगरानी कर रहे हैं। सेवा-2 परियोजना बसोहली तहसील में हिमाचल प्रदेश सीमा के पास स्थित है और इसका क्षेत्र चंबा जिले से सटा है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं।
ये भी पढ़े: हुक्का बार को लेकर हाईकोर्ट का बड़ा आदेश, ‘सेल्फ सर्विस’ से लेकर किराए पर देने तक, सब पर रोक

