पूछताछ में बड़ा खुलासा
Pune: पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में नया मोड़ आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी सिया गोयल ने पूछताछ में कथित तौर पर कहा कि नवंबर में होने वाली अपनी शादी तोड़ने और परिवार का सामना करने से उसे अपने मंगेतर की हत्या करना "ज्यादा आसान" लगा। सूत्रों के मुताबिक, उसने यह भी स्वीकार किया कि परिवार की भावनाएं आहत न हों, इसलिए उसने शादी रद्द करने के बजाय हत्या की साजिश रची।
पुलिस का आरोप है कि 18 जून को लोहागढ़ किले की चट्टान से केतन अग्रवाल को गिराकर मारने की योजना सिया ने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर बनाई थी।
जांच में जुटीं छह टीमें
मामले की जांच के लिए पुणे और लोनावला पुलिस की छह टीमें गठित की गई हैं। फिलहाल सिया के माता-पिता से लोनावला सिटी पुलिस स्टेशन में पूछताछ हो रही है, जबकि उसके भाई साहिल गोयल से दूसरी बार पूछताछ की गई।
2,000 से अधिक कॉल्स का खुलासा
करीब 10 घंटे की पूछताछ में साहिल ने पुलिस को बताया कि वह चेतन चौधरी को जानता था। उसकी बहन की मुलाकात चेतन से एक क्रिकेट मैच में हुई थी और पिछले साल एक साझा दोस्त की दिवाली पार्टी के बाद दोनों करीब आ गए। जांच में सामने आया है कि जनवरी से अब तक दोनों के बीच 2,000 से अधिक फोन कॉल हुईं, जिनकी कुल अवधि 238 घंटे रही।
हालांकि सिया के माता-पिता ने चेतन से किसी भी मुलाकात या बातचीत से इनकार किया है, जबकि सिया के वकील ने उसे केवल "दोस्त" बताया है।
साजिश के सबूत जुटाने में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि दोनों की भूमिका के पर्याप्त संकेत मिले हैं। अब मोबाइल फोन से डिलीट किया गया डेटा रिकवर कर कथित साजिश के सबूत जुटाए जा रहे हैं। इसके अलावा, दोनों परिवारों का रिश्ता तय कराने वाले मध्यस्थों से भी पूछताछ की जा रही है।
ये भी पढ़े: राम मंदिर चढ़ावा गबन: CCTV गायब, हुंडियों की चाबियां और SOP उल्लंघन का खुलासा

