LPU Student Protest: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से रेप की अफवाह के बाद शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन शनिवार से जारी है। प्रदर्शनकारी छात्रों ने अब नेशनल हाईवे जाम कर दिया, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। यूनिवर्सिटी के बाहर छात्रों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। पुलिस के मुताबिक, कुछ वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया।
जालंधर के SSP हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि घटना में पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं और पुलिस की गाड़ियों को भी नुकसान हुआ है। हाईवे पर छात्र प्रतिनिधियों और LPU प्रबंधन के बीच बातचीत हुई, लेकिन इसका कोई समाधान नहीं निकला। छात्रों को FIR की कॉपी और SIT से जुड़ी जानकारी साझा की गई है। हालांकि, जानकारी के मुताबिक प्रदर्शनकारी अब अपने प्रतिनिधियों की बात भी नहीं मान रहे हैं।
छात्रों ने बाहरी लोगों पर लगाया आरोप
एक प्रदर्शनकारी छात्र ने दावा किया कि यूनिवर्सिटी परिसर में तोड़फोड़ बाहरी लोगों ने की। उसके मुताबिक, जब केवल छात्र प्रदर्शन कर रहे थे, तब स्थिति नियंत्रण में थी। बाद में कुछ बाहरी लोग पहुंचे और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। छात्र ने कहा कि प्रदर्शनकारी सिर्फ मामले में जवाबदेही और स्पष्ट बातचीत चाहते हैं।
जांच में छात्रों को शामिल करने की बात
छात्र विंग के डीन सौरभ लखनपाल ने कहा कि यूनिवर्सिटी हर स्तर की जांच के लिए तैयार है। उन्होंने छात्र प्रतिनिधियों को जांच में शामिल करने और CCTV फुटेज दिखाने की बात कही। उन्होंने कहा कि अफवाह से जुड़े पूरे मामले की जांच की जाएगी।
यूनिवर्सिटी ने अफवाह को बताया निराधार
LPU की रजिस्ट्रार डॉ. मोनिका गुलाटी ने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर फैल रही खबरों को झूठा, निराधार और मनगढ़ंत बताया। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अफवाहें फैलाने से छात्रों में भ्रम और शांतिपूर्ण शैक्षणिक माहौल प्रभावित हो रहा है। यूनिवर्सिटी ने लोगों से इन दावों पर विश्वास न करने की अपील की है।

