Monday, Nov 09

होम = News Top = महादेव ऐप का किंगपिन सौरभ चंद्राकर भारत लाया गया, ओमान से CBI ने कराया प्रत्यर्पण

महादेव ऐप का किंगपिन सौरभ चंद्राकर भारत लाया गया, ओमान से CBI ने कराया प्रत्यर्पण

by | Nov 1, 2026 | News Top

Saurabh Chandrakar: महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले के प्रमुख आरोपी सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाया गया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी की। रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर ओमान पुलिस ने उसे हिरासत में लिया था। इसके बाद सीबीआई की विशेष टीम उसे लेकर भारत पहुंची। अब उसे रायपुर की सीबीआई विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।

दो CBI मामलों में आरोपी है सौरभ चंद्राकर

सौरभ चंद्राकर दो सीबीआई मामलों में आरोपी है। इन दोनों मामलों में आरोप पत्र पहले ही दाखिल किए जा चुके हैं। इसके अलावा प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी उसके खिलाफ एक मामले में अभियोजन शिकायत दाखिल की है। प्रत्यर्पण के बाद सौरभ चंद्राकर की मेडिकल जांच कराई जाएगी। इसके बाद ट्रांजिट रिमांड मिलने पर उसे रायपुर ले जाया जाएगा। उसे सोमवार को रायपुर की सीबीआई विशेष अदालत में पेश करने की तैयारी है।

विदेश से चलाया जा रहा था सट्टेबाजी का नेटवर्क

छत्तीसगढ़ सरकार के अनुरोध पर सीबीआई ने महादेव ऑनलाइन बुक से जुड़े मामलों की जांच अपने हाथ में ली थी। जांच में सामने आया कि महादेव ऑनलाइन बुक देश के बड़े अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी सिंडिकेट में शामिल था और इसका संचालन भारत के बाहर से किया जा रहा था। जांच एजेंसी के मुताबिक, इस नेटवर्क के जरिए क्रिकेट, फुटबॉल, कार्ड गेम और दूसरे आयोजनों पर अवैध सट्टा लगाया जाता था। इसके लिए देश के अलग-अलग हिस्सों में 'पैनल' और 'ब्रांच' का नेटवर्क तैयार किया गया था। इनके माध्यम से लोगों को सट्टेबाजी से जोड़ा जाता था और उनसे रकम जमा कराई जाती थी।

हवाला के जरिए विदेश भेजी जाती थी सट्टे की रकम

सीबीआई की जांच में यह भी सामने आया कि अवैध सट्टेबाजी से हासिल रकम को बड़ी संख्या में बैंक खातों के जरिए इधर-उधर किया जाता था। कई लेनदेन के बाद इस पैसे को हवाला के माध्यम से विदेश भेजा जाता था। जांच में यह आरोप भी सामने आया कि रकम का एक हिस्सा सरकारी कर्मचारियों को कथित तौर पर संरक्षण राशि के रूप में दिया जाता था, ताकि सट्टेबाजी का नेटवर्क बिना किसी रुकावट के चलता रहे। सीबीआई ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988, भारतीय दंड संहिता की आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और जालसाजी से संबंधित धाराओं तथा छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत आरोप पत्र दाखिल किए हैं। इनमें सौरभ चंद्राकर को प्रमुख आरोपियों में शामिल किया गया है। वहीं, ईडी ने भारत और विदेशों में उसकी कई संपत्तियां भी अटैच की हैं।

रेड कॉर्नर नोटिस के बाद ओमान में पकड़ा गया

सौरभ चंद्राकर के खिलाफ जारी रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर ओमान पुलिस ने उसे तलाश कर हिरासत में लिया था। इसके बाद सीबीआई और ईडी ने ओमान को औपचारिक प्रत्यर्पण प्रस्ताव भेजे। इन प्रस्तावों के साथ आरोपी के खिलाफ जुटाए गए सबूत भी उपलब्ध कराए गए थे। प्रत्यर्पण की प्रक्रिया के दौरान भारत सरकार की संबंधित एजेंसियों और इंटरपोल के नेशनल सेंट्रल ब्यूरो के बीच समन्वय किया गया। ओमान के अधिकारियों के सहयोग से प्रक्रिया आगे बढ़ी। प्रत्यर्पण मंजूर होने के बाद सीबीआई की टीम मस्कट पहुंची और सौरभ चंद्राकर को भारत लेकर आई। सीबीआई ने इस पूरी प्रक्रिया में सहयोग के लिए ओमान सरकार और रॉयल ओमान पुलिस का आभार जताया है।

ये भी पढ़ें: सोमाली डाकुओं ने ईरानी जहाज किया हाईजैक, 23 लोगों की जान खतरे में; समुद्र में बढ़ा तनाव