Kalu Waterfall Accident Malshej Ghat: महाराष्ट्र के प्रसिद्ध मालशेज घाट स्थित कालू वॉटरफॉल के पास रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। कालू नदी में डूबने से पुणे के दो पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता से एक अन्य पर्यटक को सुरक्षित बचा लिया गया।
दोनों मृतक अलग-अलग दोस्तों के साथ आए थे
मृतकों की पहचान 20 वर्षीय रमन विजय अन्नापुरे और 18 वर्षीय शाम साठे के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, नांदेड़ निवासी अन्नापुरे पुणे के एक कॉलेज में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे। वहीं, बुलढाणा निवासी शाम साठे पुणे में अपने भाई के साथ रहते थे। दोनों अलग-अलग दोस्तों के साथ घूमने आए थे और एक-दूसरे को नहीं जानते थे।
पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब 1:30 बजे तेज बहाव में शाम साठे बह गए। वहीं, करीब 3:30 बजे अन्नापुरे कालू नदी पार करने की कोशिश कर रहे थे, इसी दौरान उनकी भी डूबने से मौत हो गई। भारी बारिश के कारण नदी का बहाव काफी तेज था। पुलिस और बचाव दल ने दोनों के शव बरामद कर लिए।
प्रशासन की रोक के बावजूद पहुंचे पर्यटक
दोनों पर्यटक ट्रेकिंग और टूरिज्म ग्रुप के साथ पहुंचे थे। लगातार भारी बारिश के चलते प्रशासन ने मालशेज घाट और हरिश्चंद्रगढ़ क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही पर रोक लगाई थी। एहतियातन कालू वॉटरफॉल पर 26 जुलाई तक जाने पर भी प्रतिबंध था। इसके बावजूद ग्रुप वहां पहुंचा। तेज लहरों में बहने से दोनों की जान चली गई।
ये भी पढ़े: ADR रिपोर्ट: देश के 31 मुख्यमंत्रियों के पास ₹3,660 करोड़ की संपत्ति, 14 पर क्रिमिनल केस

