Tuesday, Nov 10

होम = Breaking = मथुरा में युमना एक्सप्रेसवे पर 3 वाहन आपस में भिड़े, हादसे में आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल

मथुरा में युमना एक्सप्रेसवे पर 3 वाहन आपस में भिड़े, हादसे में आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल

Mathura Yamuna Expressway Accident: उत्तर प्रदेश के मथुरा में गुरुवार तड़के यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। नोएडा से आगरा की ओर जा रही दो यात्री बसें कांच से भरे एक कैंटर से टकरा गईं। टक्कर इतनी तेज थी कि कैंटर पलट गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में आधा दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है। सूचना पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक, हादसा गुरुवार सुबह करीब 3:15 बजे माइलस्टोन 101 के पास हुआ। आगरा जा रहे कांच से भरे आयशर कैंटर को विश्वनाथ ट्रैवल्स की बस ने ओवरटेक करने की कोशिश में टक्कर मार दी। इसके तुरंत बाद पीछे से आ रही ट्रैवल पॉइंट की दूसरी बस भी कैंटर से भिड़ गई। लगातार टक्करों के कारण कैंटर पलट गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल

हादसे की सूचना मिलते ही मांट थाना प्रभारी उमेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। जेपी और सरकारी एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में चांदनी, आमिर, आजाद, वसीम और अजर बानो समेत अन्य यात्री शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं।

ये भी पढ़ें: यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में लगी भीषण आग, जान बचाने को कूदे यात्री; हादसे में 9 की मौत