Mecca Drone Attack: सऊदी अरब के मक्का के पास हुए ड्रोन हमले को लेकर भारत ने चिंता जताई है। विदेश मंत्रालय ने सऊदी अरब की संप्रभु सीमा पर होने वाले हमलों और नागरिकों की सुरक्षा को खतरे में डालने वाली कार्रवाइयों की निंदा की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि मक्का के पास हुई घटना विशेष रूप से चिंताजनक है, क्योंकि दुनियाभर के मुसलमानों के लिए इस शहर का धार्मिक महत्व है। उन्होंने कहा कि भारत क्षेत्र में जल्द से जल्द शांति और स्थिरता बहाल होने की उम्मीद करता है।
सऊदी अरब ने ड्रोन नष्ट करने का दावा किया
सऊदी अधिकारियों के मुताबिक, मक्का की दिशा में भेजे गए ड्रोन को इंटरसेप्ट कर नष्ट किया गया। हाल के दिनों में सऊदी अरब और हूती के बीच तनाव बढ़ने की खबरें सामने आई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिणी सऊदी अरब के कुछ इलाकों में मिसाइल और ड्रोन हमलों के दौरान नागरिक और सैन्य ठिकाने प्रभावित हुए हैं। इन घटनाओं में कई लोगों के घायल होने और संपत्तियों को नुकसान पहुंचने की भी जानकारी सामने आई है।
क्षेत्रीय तनाव पर भारत की नजर
लाल सागर और बाब-अल-मंदब क्षेत्र में बढ़ती सैन्य गतिविधियों के बीच पश्चिम एशिया में तनाव बना हुआ है। सऊदी अरब की ओर से हूती ठिकानों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की भी खबरें हैं। भारत ने ऐसे समय में नागरिकों की सुरक्षा और क्षेत्र में स्थिरता बहाल करने की जरूरत पर जोर दिया है। विदेश मंत्रालय ने उम्मीद जताई है कि क्षेत्र में जल्द तनाव कम होगा और शांति कायम होगी।
ये भी पढ़ें: https://newsindia24x7.tv/india-other-countries-100-percent-tariff-bill-voting-trump/

