Friday, Sep 25

होम = Trending = मक्का में पहली बार हवाई खतरे का इमरजेंसी अलर्ट, सऊदी अरब के पश्चिमी तट पर बरसीं मिसाइलें

मक्का में पहली बार हवाई खतरे का इमरजेंसी अलर्ट, सऊदी अरब के पश्चिमी तट पर बरसीं मिसाइलें

Mecca Emergency Alert: सऊदी अरब ने मंगलवार को पवित्र शहर मक्का, जेद्दा और ताइफ में ‘संभावित खतरे’ को लेकर इमरजेंसी अलर्ट जारी किया। यह अलर्ट सऊदी सिविल डिफेंस के नेशनल अर्ली वार्निंग प्लेटफॉर्म के जरिए दोपहर 2:48 बजे (IST) जारी हुआ। लोगों से खुले और भीड़भाड़ वाले स्थानों से दूर रहने और तुरंत सुरक्षित जगह पर शरण लेने को कहा गया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान समर्थित हूतियों ने सऊदी अरब के पश्चिमी तट की ओर बैलिस्टिक मिसाइलों की बौछार की थी। इससे पहले सोमवार को हूतियों ने सऊदी शहरों और एयरबेस को निशाना बनाकर मिसाइल और ड्रोन हमले किए थे, जिनमें दक्षिणी सऊदी में 13 लोग घायल हुए।

कुछ घंटे बाद खतरा टला

करीब तीन घंटे बाद सिविल डिफेंस ने बताया कि मक्का में खतरा टल गया है। हालांकि लोगों को आधिकारिक सुरक्षा निर्देशों का पालन करने, भीड़ न लगाने और स्थिति की रिकॉर्डिंग या तस्वीरें न लेने की सलाह दी गई। आपात स्थिति में 911 पर संपर्क करने को कहा गया। रिपोर्टों के अनुसार हाल के इतिहास में यह पहली बार है जब मक्का के लिए हवाई हमले जैसे खतरे को लेकर ऐसा अलर्ट जारी हुआ। मंगलवार सुबह जेद्दा, अबहा, जिजान, अलउला और ताइफ समेत कम से कम छह शहरों तथा लाल सागर के प्रमुख तेल टर्मिनल यानबू में भी अलर्ट जारी किए गए।

हूतियों की रणनीतिक बढ़त

हूतियों ने पिछले सप्ताह यमन के पश्चिमी तट और बाब अल-मंदेब के बीच स्थित मायून द्वीप पर कब्जे का दावा किया था। इसके बाद वे अफ्रीका स्थित अमेरिकी बेस कैंप लेमोनियर से 130 किमी से भी कम दूरी पर हैं। सोमवार को उन्होंने ग्रेटर और लेसर हनिश द्वीपों पर भी कब्जे का दावा किया। यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान मिस्र की राजकीय यात्रा पर हैं और राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी से बातचीत करने वाले हैं। वहीं, सऊदी समर्थित यमनी बल बाब अल-मंदेब के पास खोए इलाकों को वापस लेने की कोशिश कर रहे हैं।

ये भी पढ़े: Rapido पर ₹10 लाख का जुर्माना, ज्यादा किराया देने को मजबूर करने का आरोप; CCPA ने बताया ‘डार्क पैटर्न’