Rapido CCPA Penalty: केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने बाइक-टैक्सी और ऑटो प्लेटफॉर्म Rapido का संचालन करने वाली Roppen Transportation Services Pvt Ltd पर ₹10 लाख का जुर्माना लगाया है। कार्रवाई अनुचित व्यापार व्यवहार, अनुचित अनुबंध और ‘डार्क पैटर्न’ के जरिए यात्रियों को अधिक किराया देने के लिए प्रभावित करने को लेकर हुई है।
उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के मुताबिक, ऐप पहले एक किराया दिखाता था। ग्राहक के स्वीकार करने के बाद उसे ज्यादा भुगतान के लिए ऐसे संदेश दिखाए जाते थे—“Higher the price, higher the chance of getting a ride” और “Captains aren't accepting at ₹60. Try adding +10, +20, +30”।
‘Confirm Shaming’ और ‘Interface Interference’
CCPA ने इसे ‘Confirm Shaming’ माना, जिसमें ग्राहक को यह महसूस कराया जाता है कि ज्यादा भुगतान न करने पर राइड मिलने में देरी हो सकती है। 31 अगस्त के 34 पन्नों के आदेश में प्राधिकरण ने कहा कि कंपनी यह साबित करने वाला डेटा भी नहीं दे सकी कि अतिरिक्त भुगतान से राइड कन्फर्म होने की संभावना वास्तव में बढ़ती है।
Rapido ने इसे ड्राइवर और यात्री के बीच रियल-टाइम बातचीत बताया, लेकिन CCPA ने तर्क खारिज कर दिया क्योंकि प्लेटफॉर्म किराया तय करने के साथ दोनों पक्षों को नियंत्रित करता है। ‘Set your price’ फीचर में स्लाइडर ऊपर करने पर हरे रंग में ज्यादा कीमत का संकेत और नीचे करने पर लाल/ऑरेंज चेतावनी दिखाई जाती थी। ऊपर कीमत बढ़ाने के लिए अधिक जगह भी थी। CCPA ने इसे ‘Interface Interference’ कहा।
टिप के नाम पर अतिरिक्त भुगतान
CCPA के अनुसार किराए में दूरी, समय, ट्रैफिक, टोल और ड्राइवर को मिलने वाली रकम शामिल होती है। इसलिए अतिरिक्त रकम को ‘टिप’ कहना भ्रामक है। Motor Vehicle Aggregator Guidelines, 2025 के तहत टिप यात्रा पूरी होने के बाद स्वैच्छिक रूप से दिखनी चाहिए, बुकिंग या यात्रा के दौरान नहीं। Rapido को 15 दिन में अनुपालन रिपोर्ट जमा करनी होगी। वहीं Uber और Ola की जांच अभी जारी है। कार्रवाई 16 मई की एक शिकायत के बाद शुरू हुई थी, जिसमें प्री-राइड टिप और पीक आवर्स में कथित मनमानी डायनेमिक प्राइसिंग का आरोप लगाया गया था।

