Friday, Sep 25

होम = मनोरंजन = आप पहले फिल्म देखिए , मिर्जापुर-द मूवी में महाराणा प्रताप से जुड़ा गाना इस्तेमाल करने पर विवाद, दिल्ली HC पहुंचा मामला

आप पहले फिल्म देखिए , मिर्जापुर-द मूवी में महाराणा प्रताप से जुड़ा गाना इस्तेमाल करने पर विवाद, दिल्ली HC पहुंचा मामला

by | Sep 16, 2026 | मनोरंजन

Mirzapur The Movie Controversy: Mirzapur के क्लाइमैक्स में महाराणा प्रताप को समर्पित गाने 'शूरवीर' के इस्तेमाल को लेकर विवाद दिल्ली हाई कोर्ट पहुंच गया है। मामले की सुनवाई करते हुए कोर्ट ने फिल्म निर्माता की ओर से पेश वकील से पहले फिल्म देखने और फिर अगली सुनवाई में अपना पक्ष रखने को कहा। चीफ जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय और जस्टिस तेजस करिया की बेंच एक जनहित याचिका पर सुनवाई कर रही है। याचिका में ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से सम्मानित व्यक्तियों से जुड़ी सामग्री के इस्तेमाल के लिए उचित दिशा-निर्देश बनाने की मांग की गई है।

क्लाइमैक्स से गाना हटाने की मांग

याचिकाकर्ता ने फिल्म के क्लाइमैक्स से 'शूरवीर' गाना हटाने या उसकी जगह दूसरा बैकग्राउंड म्यूजिक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि यह गाना महाराणा प्रताप की वीरता और विरासत को श्रद्धांजलि के तौर पर बनाया गया था, जबकि फिल्म में अपराध और गैंगवार की पृष्ठभूमि दिखाई गई है। याचिका में दावा किया गया है कि गाने के बोल मेवाड़, चेतक, सम्मान, बलिदान और महाराणा प्रताप की विरासत से जुड़े हैं। याचिकाकर्ता ने इसी वजह से फिल्म में इसके इस्तेमाल पर आपत्ति जताई है।

कोर्ट ने कलाकार के अधिकार का मुद्दा भी उठाया

सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने कलाकार की अभिव्यक्ति और मौलिक अधिकारों के सवाल पर भी चर्चा की। बेंच ने कहा कि यह भी देखना होगा कि कलात्मक अभिव्यक्ति और ऐसे मामलों में हस्तक्षेप के बीच संतुलन कैसे तय किया जाए। कोर्ट ने यह भी कहा कि संबंधित मुद्दे पर केंद्र सरकार की भूमिका का सवाल उठ सकता है। याचिकाकर्ता की ओर से अंतरिम राहत की मांग करते हुए गाने के बैकग्राउंड म्यूजिक को म्यूट करने या कुछ आपत्तिजनक बताए गए शब्दों को हटाने का सुझाव दिया गया।

पहले फिल्म देखिए

फिल्म निर्माता Excel Entertainment Pvt Ltd की ओर से वकील जय के. भारद्वाज पेश हुए। कोर्ट ने उनसे पूछा कि क्या उन्होंने फिल्म देखी है। वकील ने बताया कि उन्होंने फिल्म नहीं देखी है, हालांकि उन्हें मामले को लेकर निर्देश मिले हैं। इस पर बेंच ने उन्हें पहले फिल्म देखने और फिर यह बताने को कहा कि संबंधित सीन में महाराणा प्रताप से जुड़े गाने के इस्तेमाल को लेकर उनकी 'अंतरात्मा संतुष्ट' है या नहीं। कोर्ट ने मामले की सुनवाई अगले दिन तक टाल दी।

ये भी पढ़ें: https://newsindia24x7.tv/india-other-countries-100-percent-tariff-bill-voting-trump/